मुरादाबाद। जिले की जमीनों के सर्किल रेट पर आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि 15 अगस्त निर्धारित है लेकिन इसके पहले डीएम से लेकर एडीएम और तहसील कार्यालयों में काफी संख्या में आपत्तियां आ चुकी हैं। इस मामले में आपत्तियों का निस्तारण 17 अगस्त से होगा।
डीएम राजेंद्र पैंसिया के निर्देश पर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों की जमीनों के सर्किल रेट के प्रस्ताव तैयार किए गए थे। इस मामले में जिला प्रशासन ने प्रस्तावित रेट को सार्वजनिक कर दिया था। बताया गया कि 15 अगस्त की शाम पांच बजे तक इस मामले में आपत्तियां तहसील कार्यालयों और राजस्व अधिकारियों के समक्ष दाखिल की जा सकती हैं। इस मामले में एडीएम वित्त एवं राजस्व के कार्यालय में लगभग 50 आपत्तियां आ चुकी हैं। इसी प्रकार एआईजी स्टांप, मुरादाबाद, कांठ, ठाकुरद्वारा, बिलारी तहसील के कार्यालयों में भी आपत्तियां दाखिल की गई हैं। इस बारे में एडीएम वित्त एवं राजस्व ममता मालवीय का कहना है कि जिले के सभी कार्यालयों से आपत्तियां इकट्ठी की जाएंगी। 17 अगस्त की डीएम की अध्यक्षता में बैठक कर आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद डीएम की स्वीकृति से नई दरें एक सितंबर से लागू कर दी जाएंगी।