रामपुर। छात्रों के पास राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में प्रवेश के लिए मंगलवार को अंतिम अवसर है। जिले में 1398 सीटों पर 769 छात्रों ने ही एडमिशन लिया है। अभी 629 सीटें खाली हैं, जिन पर विद्यार्थी प्रवेश ले सकते हैं।
युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण के लिए प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। 10 जुलाई से शुरू हुई आवेदन की प्रक्रिया चार अगस्त को पूरा कर ली गई थी। जिले में कुल पांच राजकीय और चार निजी संस्थानों में इस वक्त की दाखिले हो रहे हैं।
परिषद की ओर से रामपुर के पांच सरकारी आईटीआई में शामिल 1848 सीटों के मुकाबले 1398 सीटों के लिए मेरिट जारी की गई थी। इसके लिए 15 अगस्त तक एडमिशन होने थे, लेकिन अवकाश की वजह से एडमिशन नहीं हो सके। सोमवार तक जिले के पांचों राजकीय संस्थानों में 769 सीटों पर ही एडमिशन हो सके हैं, जबकि 629 सीटें अभी भी खाली हैं। इन सीटों पर एडमिशन लेने का मंगलवार को आखिरी मौका है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रामपुर के प्रधानाचार्य डॉ. मोहम्मद आसिफ का कहना है कि एडमिशन की प्रक्रिया चल रही है। अब तक 769 छात्रों ने एडमिशन ले लिया है। पहले चरण में मंगलवार को भी विद्यार्थी दाखिला ले सकते हैं। इसके बाद दूसरे चरण के दाखिले शुरू होंगे।