मुरादाबाद। प्रदेश में सिपाही भर्ती के लिए सोमवार से दौड़ की परीक्षा (पीईटी) शुरू हो जाएगी। कांठ रोड स्थित नवीं वाहिनी के मैदान में सोमवार को 500 लड़कियां दौड़ की परीक्षा में शामिल होंगी। परीक्षा के दौरान सेंधमारी रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
सिपाही भर्ती के लिए आने वाली लड़कियों की मुख्य गेट पर चेकिंग के बाद प्रवेश दिया जाएगा। रविवार को एसएसपी सतपाल अंतिल ने नवीं वाहिनी के मैदान में पहुंचकर एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार के साथ भर्ती की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने पुलिस कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया पर सीसीटीवी की नजर रहेगी। एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि दौड़ परीक्षा सोमवार सुबह छह बजे से शुरू हो जाएगी। पहले दिन 500 लड़कियां दौड़ परीक्षा में भाग लेंगी। मंगलवार को 850 और बुधवार को 1050 परीक्षा में भाग लेंगी। इसके बाद सिपाही भर्ती के लिए युवक परीक्षा देंगे। यह भर्ती परीक्षा का 27 फरवरी तक चलेगी।