मुरादाबाद। नया मुरादाबाद विद्युत उप केंद्र के सामने शनिवार की देर रात बाइक सवार टीएमयू के छात्र ओम कुमार और उसके चचेरे भाई प्रिंस को डंपर ने रौंद दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। मौके पर बाइक के घिसटने के निशान मौजूद थे। घटना के बाद पुलिस ने घंटों छानबीन की लेकिन डंपर चालक का पता नहीं चल सका।
बिहार प्रांत के सहरसा जिला के पतरघाट निवासी ओम कुमार (22) टीएमयू में बीएससी एजी (कृषि) तृतीय वर्ष के छात्र थे। दो दिन पहले उनके ताऊ का बेटा प्रिंस कुमार शाहू नोएडा में टीईटी की परीक्षा देने के लिए कांशीराम नगर स्थित कमरे पर आया था। शनिवार को प्रिंस ने नोएडा में टीईटी की परीक्षा दी। परीक्षा समाप्त होने के बाद ओम कुमार अपने भाई प्रिंस कुमार को बाइक पर लेकर कांशीराम नगर स्थित कमरे पर लौट रहा था।
शनिवार देर रात करीब एक बजे नया मुरादाबाद सेक्टर 13 स्थित विद्युत उप केंद्र के सामने गोल चक्कर पहुंचते ही बाइक सवारों को पीछे से डंपर ने रौंद दिया। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। तलाशी के दौरान आईडी कार्ड से दोनों की पहचान हुई। पुलिस ने टीएमयू संस्थान के अधिकारी और परिजनों को सूचना दी।
परिजनों के आने में देर थी। इस कारण दिल्ली में रहने वाले ओम के रिश्तेदार सतीश कुमार मोर्चरी पर आए। उन्होंने दोनों शवों की शिनाख्त की। बताया कि ओम कुमार तीन साल से यहां रहकर पढ़ाई कर रहा था। प्रिंस परीक्षा देने आया था। दोनों आपस में चचेरे भाई थे। पुलिस घटना में डंपर की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में टक्कर मारते हुए डंपर दिखाई दे रहा है। सीओ अभिनव द्विवेदी का कहना है कि बाइक में डंपर ने टक्कर मारी है। थाना प्रभारी रवींद्र कुमार का कहना है कि शीघ्र ही डंपर चालक पकड़ा जाएगा। दिल्ली से आए रिश्तेदार ने बताया कि वह दोनों शवों को लेकर बिहार के पैतृक गांव जाएंगे।
इकलौता बेटा था ओम
रिश्तेदार सतीश कुमार ने बताया कि टीएमयू में पढ़ाई कर रहा ओम कुमार पुत्र राजकुमार साहू पिता का इकलौता बेटा था। उसकी तीन बहनें हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार सदमे में आ गया है। प्रिंस कुमार के पिता अरविंद की मौत हो गई है। उसका एक भाई और एक बहन है। एक ही परिवार में दो जवान बेटों की मौत से सभी का रोते-रोते बुरा हाल हो गया है।