काशीपुर-धामपुर रेल लाइन का सर्वे पूरा
काशपीुर-धामपुर रेल लाइन का प्राथमिक सर्वे पूरा हो चुका है। अब रेलवे की टीम तय कर रही है कि किन स्थानों से होकर रेल लाइन गुजरेगी। ठाकुरद्वारा से जसपुर, भूतपुरी, शेरकोट होते हुए धामपुर तक 58 किमी की दूरी तक रेलवे ट्रैक बिछाया जाएगा।
जल्द ही प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार की जाएगी। मुरादाबाद मंडल से यह लाइन होकर गुजरेगी। लिहाजा ठाकुरद्वारा, जसपुर से धामपुर तक मुरादाबाद मंडल के अधिकारी नजर बनाए हुए हैं। 1.45 करोड़ रुपये से इसका सर्वे किया गया है।
पूरा प्रोजेक्ट करीब 1200 करोड़ रुपये का है। लाइन बिछाने के बाद विद्युतीकरण किया जाएगा। इसके बाद यहां ट्रायल होगा और मुख्य संरक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के बाद ट्रेन चल सकेगी। इस कार्य में करीब दो साल लग जाएंगे।
नए टाइम टेबल के लिए तैयारी बोर्ड व जोनल स्तर पर हो चुकी हैं। जनवरी में इसके लागू होने की सूचना है। मंडल की ट्रेनों पर भी आंशिक प्रभाव पड़ेगा। वहीं मंडल के कई स्टेशनों पर कुछ ट्रेनों के ठहराव पहले ही बढ़ाए जा चुके हैं। - आदित्य गुप्ता, सीनियर डीसीएम
साढ़े चार घंटे लेट पहुंची न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस
नई दिल्ली से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलने वाली एक्सप्रेस रविवार को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर साढ़े चार घंटे की देरी से पहुंची। इस ट्रेन को यहां शाम छह बजे पहुंचना था लेकिन रात 10:44 बजे पहुंची। यात्री घंटों तक रेलवे स्टेशन पर इंतजार करते रहे।
ट्रेनों को ऑनलाइन ट्रैक करने वाले एप ने भी काम नहीं किया। इस कारण यात्रियों में असमंजस की स्थिति रही। रविवार को सामान्य ट्रेनों ने भी यात्रियों को खूब छकाया। उत्तरांचल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें लेट पहुंचीं।
यह स्थिति तब है जबकि कोहरे के कारण 30 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इसके बावजूद रेलवे स्पेशल व सामान्य ट्रेनों को समय से नहीं चला पा रहा है। सीनियर डीसीएम ने बताया कि ट्रेनों के समय पालन में सुधार के लिए प्रयास किया जा रहा है।