मुरादाबाद। ग्राम विकास अधिकारी के पद पर बेटे की नौकरी लगवाने के नाम पर एक पैरामेडिकल कालेज के निदेशक से 16 लाख रुपये ठग लिए गए। यह आरोप लगाते हुए डायरेक्टर ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोप यह भी है कि पैसे वापस मांगे तो उल्टा जान से मारने की धमकी दी गई।
सिविल लाइंस के हिमगिरी कालोनी निवासी डा. अय्यूब हुसैन ने सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि वह अमरोहा के डिडौली स्थित पैरा मेडिकल कालेज में डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। सन् 2018 में उनके बेटे ने ग्राम विकास अधिकारी पद के लिए आवेदन किया था। इसी दौरान उनकी मुलाकात गौतमबुद्ध नगर के सलारपुर निवासी सतीश चंद्र शर्मा और अमरोहा के जोया मोहल्ला चौधरियान निवासी सत्यानंद से हुई थी। इन्होंने डा. अय्यूब हुसैन को झांसा दिया था कि उत्तर प्रदेश सरकार में उनकी बड़े बड़े नेताओं और अधिकारियों से पहचान है। वह उनके बेटे की नौकरी लगवा देंगे। झांसे में आकर डा. अय्यूब ने सतीश चंद्र शर्मा, सत्यानंद और इनके एक साथी को सोलह लाख रुपये दे दिए थे। 2019 में परीक्षा परिणाम आने पर अय्यूब के बेटे का चयन नहीं हुआ। आरोप है कि जब आरोपियों से पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो उन्होंने चेक दे दिए। जब चेक बैंक में लगाए गए तो सभी चेक बाउंस हो गए थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत आरोपियों से की तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर नवल मारवाहा ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। केस की विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।