मुरादाबाद। गुरुग्राम की एक कंपनी के डायरेक्टर, एमडी समेत पांच लोगों ने मुरादाबाद में शॉपिंग मॉल खोलने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 26 लाख रुपये ठग लिए। मॉल न खुलने पर पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। यह आरोप लगाते हुए सिविल लाइंस थाने में कंपनी के डायरेक्टर समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के मोरा निवासी भोजराज सिंह किसान हैं। सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराए केस में उन्होंने बताया कि वह किसानी के साथ ही प्रॉपर्टी की खरीद फरोख्त का काम भी करते हैं। कांठ रोड पर उनकी जमीन है। खुद को गुरुग्राम की डीबीएम रिटेल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अधिकारी बताकर आरोपी उनसे मिले और कहा कि हम यहां बिग मार्ट का शॉपिंग मॉल खोलेंगे। कई बार की मीटिंग के बाद बात फाइनल हो गई। इसके लिए पांच साल का एग्रीमेंट भी करा लिया गया। भोजराज के मुताबिक आरोपियों ने 22 लाख रुपये सिक्योरिटी मनी व चार लाख रुपये फ्रेंचाइजी फीस के नाम पर पीड़ित से जमा करा लिये। रकम लेने के बाद आरोपियों ने सात आठ माह तक एक दुकान यहां खोल कर चलाई भी। जिसे बाद में बंद कर दिया गया। अब दो साल बीतने के बाद न तो पैसा वापस किया और ना ही शॉपिंग मॉल खोला गया। आरोप लगाया कि रकम वापस मांगने पर आरोपी धमकियां दे रहे हैं। उन्होंने इस कंपनी के एमडी रिचपाल सिंह, फाइनेंस हेड गिरीश कुमार गांधी, डायरेक्टर संजय सतपथी, ऑपरेशन हेड विजय शेखावत और एक बैंक खाता धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। अपर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। केस की तफ्तीश में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।