मुरादाबाद। यू-ट्यूब पर वीडियो देखकर तीन दोस्तों ने एटीएम काटकर रुपये चोरी करने की साजिश रच डाली। वह बुधवार देर रात मझोला क्षेत्र में बुद्ध पार्क के पास निजी बैंक के एटीएम पर पहुंच गए। उन्होंने गैस कटर से एटीएम काटना शुरू किया। इसी दौरान पुलिस कर्मी आ गए। उन्होंने तीनों को घेराबंदी कर मौके पर ही दबोच लिया। तीनों स्नातक की पढ़ाई करने के बाद रोजगार की तलाश में जुटे थे।
सीओ सिविल लाइंस आशुतोष तिवारी ने बताया कि बुधवार देर रात करीब दो बजे लैपर्ड के सिपाही गश्त कर रहे थे। उन्होंने कांशीराम नगर रोड पर बुद्ध पार्क के पास देखा कि निजी बैंक के एटीएम का शटर बंद था, जबकि उसके बाहर एक युवक खड़ा हुआ था। पुलिस कर्मियों ने बाइक रोकी तो युवक वहां से भागने लगा। उसकी घेराबंदी कर पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया, इसके अलावा पुलिस कर्मियों ने पास आकर देखा कि एटीएम का शटर पूरा बंद नहीं है। अंदर उजाला भी हो रहा था। पुलिस कर्मियों ने कांशीराम नगर चौकी प्रभारी और थाना प्रभारी को सूचना दी। कुछ ही देर में अन्य पुलिस कर्मी भी मौके पर आ गए। इसके बाद एटीएम के अंदर से दो और युवकों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम विनीत, पुष्पेंद्र प्रजापति और रितिक प्रजापति बताए हैं। तीनों मुगलपुरा थानाक्षेत्र के लाल बाग मोहल्ला निवासी हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि उन्होंने यूट्यूब पर वीडियो देखने के बाद एटीएम काटने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्हें ऐसे एटीएम की तलाश थी, जहां रात में गार्ड की ड्यूटी नहीं रहती है। बुधवार को दिन में ही तय कर लिया कि इसी एटीएम को काटना है। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
आरोपी ये सामान हुआ बरामद
01 लाल रंग का ट्रॉली बैग,
01 दो लीटर का लाल रंग का गैस सिलिंडर
01 पांच लीटर का ऑक्सीजन सिलिंडर (गैस कटर पाइप से जुड़ा हुआ), प्लास
01 सिलिंडर खोलने वाली चॉबी
01चश्मा,
02 गमछा सफेद,
एक जोडी ग्लव्स,
01 पिट्ठू बैग, 01 तमंचा
02 चाकू तथा एक स्कूटी