बिलारी। किसान संघर्ष समिति के प्रदेश पदाधिकारी रहे बिलारी नगर निवासी तीन किसान नेताओं को 28 वर्षों बाद मुरादाबाद की अदालत ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे से बरी कर दिया। सोमवार की देर शाम संघर्ष समिति के कैंप कार्यालय पर किसानों ने अदालत के इस फैसले पर खुशी जताई।
गन्ना उत्पादक बाहुल्य बिलारी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान संगठनों की राजनीति के लिए पहले से ही चर्चित रहा है। तीन दशक पहले राष्ट्रीय स्तर पर बने किसान संगठनों में बिलारी का विशेष प्रतिनिधित्व रहा है। 1996 में बिलारी के प्रभावशाली किसान नेताओं में किसान संघर्ष समिति के नाम से अपना प्रदेश स्तरीय अलग संगठन बनाया। इस संगठन में देवेंद्र गांधी को प्रदेश अध्यक्ष, अचिंत कुमार मुन्ना को प्रदेश महासचिव और हुकुम सिंह को प्रदेश संगठन मंत्री की जिम्मेदारी दी गई थी।
इस नए संगठन ने बिलारी चीनी मिल पर बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों को शीघ्र दिलाने की मांग को लेकर जन आंदोलन शुरू किया था। तत्कालीन बसपा सरकार में तीनों किसान नेताओं के खिलाफ थाना बिलारी पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए और तीनों को जेल भेज दिया था। संघर्ष समिति के अचिंत कुमार मुन्ना ने बताया कि अन्य दर्ज मुकदमे तो पहले ही साक्ष्य के अभाव में छूट गए, जबकि गैंगस्टर एक्ट के विचाराधीन मुकदमे में 28 साल बाद सोमवार को एडीजे पंचम मुरादाबाद की अदालत ने बरी कर दिया।
देवेंद्र गांधी फिलहाल बीते कई वर्षों से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी मिशन से जुड़े हैं, जबकि अचिंत कुमार मुन्ना वर्तमान में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और चौधरी हुकुम सिंह भाकियू असली से जुड़े हुए हैं। नगर के मोहल्ला साहूकुंज स्थित किसान संघर्ष समिति कार्यालय पर अनेक किसान इकट्ठा हुए और अदालत के फैसले पर खुशी जताई गई।
मौके पर अदालत से बरी होने वाले तीनों किसान नेताओं के अलावा अशोक सिरोही, राजपाल सिंह यादव, रजनीश कुृमार,दिग्विजय सिंह, पंकज चौधरी, संजय राणा, गिरवर सिंह व रोहित चौधरी आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।