मुरादाबाद। यदि आप शहर घूमना चाहते हैं और आपके पास बाइक या साइकिल नहीं है तो जल्द ही एक निर्धारित अवधि के लिए किराये पर आपको बाइक और साइकिल मिल सकेगी। स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत शहर में ई-बाइक शेयरिंग सहित तीन नए प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है। जल्द ही इनकी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
मंगलवार को मंडलायुक्त आंजनेय कुमार की अध्यक्षता में हुई स्मार्ट सिटी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में इन नए प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है। इसमें सबसे महत्वपूर्ण ई-बाइक शेयरिंग प्रोजेक्ट है। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत शहर के मुख्य स्थान जैसे बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन या जीरो प्वाइंट आदि से आम लोगों को कुछ बाइक और साइकिल की सुविधा किराए पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए व्यक्ति की आईडी आदि लेकर उसका ऑनलाइन वैरिफिकेशन कर लिया जाएगा और उसे उसकी इच्छा के अनुसार साइकिल या बाइक उपलब्ध करा दी जाएगी। इसका दूरी और घंटे के हिसाब से किराया तय होगा। इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य शहर के अंदर भारी वाहनों का लोड कम करना है ताकि जाम से मुक्ति मिल सके।
इसके अलावा शहर में ई-रिक्शाओं की बैटरी चार्ज करने के लिए चार्जिंग स्टेशन बनाए जाने के प्रोजेक्ट को भी मंजूरी दी गई है। इस प्रोजेक्ट के लिए पहले शहर में ई-रिक्शाओं की संख्या आदि कई बिंदुओं पर सर्वे और इनके लगाने के लिए जमीन की तलाश कर डीपीआर तैयार करने को कहा गया है। इसके अलावा शहर में नगर निगम के ओवरहेड टैंक का पुनर्निर्माण कर उन्हें आकर्षक बनाया जाएगा। उन पर आकर्षक पेंटिंग आदि बनाकर स्मार्ट सिटी की ब्रांडिंग की जाएगी।
बैठक में जिला सहकारी बैंक, एसएसपी कार्यालय के मीटिंग हॉल, आदेश कक्ष और गेस्ट हाउस की इमारतों पर सोलर सिस्टम लगाने का अनुमोदन भी हुआ। इन स्थानों की बिजली आपूर्ति सोलर सिस्टम के माध्यम से होगी। बोर्ड के अध्यक्ष मंडलायुक्त आंजनेय कुमार ने अधिकारियों से कहा कि पीली कोठी पर बनने वाले इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में तेजी से काम पूरा करें। बैठक में जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह ने भी अधिकारियों से स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट पर गंभीरता से लाने को कहा। बैठक में नगर आयुक्त संजय चौहान, अपर नगर आयुक्त एके सिंह, नोडल अधिकारी टीएन मिश्रा के अलावा संबंधित विभागीय और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अधिकारी शामिल थे।