मुरादाबाद। भारत में पहली बार अंडर-20 पुरुष राष्ट्रीय फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। इसके लिए कैंप मुरादाबाद में लगाया जाएगा। फिलहाल कैंप के लिए खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया बनारस में चल रही है। इसमें मुरादाबाद के तीन खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के बल पर कैंप में जगह बना ली है।
इन खिलाड़ियों में तुषार कुमार, अदनान अंसारी व अब्दुर रहमान का नाम शामिल है। भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व गोलकीपर व अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे ने इस प्रतियोगिता को कराने का जिम्मा लिया है। यूपी की फुटबॉल टीम के चयन के लिए ट्रायल 21, 22 व 23 मार्च को वाराणसी के बीएचयू के फुटबॉल मैदान पर किया गया। प्रदेश के लगभग 150 खिलाड़ियों इसमें प्रतिभाग किया।
संभावित 30 में जगह बनाने पर जिला फुटबाल एसोसिएशन के सचिव मोहम्मद नासिर कमाल ने अब्दुर रहमान, अदनान अंसारी व तुषार खटाना को बधाई दी है। तीनों खिलाड़ी मुरादाबाद के मॉडर्न पब्लिक स्कूल में 26 मार्च से 10 अप्रैल तक चलने वाले कैंप में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए तैयारी करेंगे। इस अवसर पर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष उस्मान खान, उपाध्यक्ष नावेद सिद्दीकी, संयुक्त सचिव आमिर मिर्जा, कोषाध्यक्ष मंजू खान, महिला विंग की सचिव माधुरी देवी ने खिलाड़ियों की हौसलाअफजाई की है।