दो युवतियों समेत तीन लोगों की तालाब में डूबकर माैत
मैनाठेर (मुरादाबाद)। गांव महमूदपुर माफी निवासी सहजान (17), गांव गुरेर निवासी सानिया (18) और आशिया (19) की तालाब में डूबकर माैत हो गई। यह लोग खेत पर धान की रोपाई करने गए थे और दोपहर में गर्मी अधिक होने पर तालाब में नहाने लगे थे।
गांव गुरेर निवासी सानिया (18) और आशिया (19, प्रियांशी, खुशबू, पुत्री कल्लू, अंशु पुत्री चंद्रपाल, सामिया पुत्री अकबर, ठेकेदार अख्तर और निजाम के साथ मजदूरी पर महमूदपुर माफी के रकबे खेत पर धान लगाने गई हुई थी। दोपहर में गुरेर निवासी सानिया और आशिया की मौत हो गई जबकि शाम में महमूदपुर माफी निवासी सहजान (17) का शव तालाब से बाहर निकाला जा सका। बताते है कि दोपहर में गर्मी अधिक होने पर यह युवक-युवतियां खेत के पास में स्थित तालाब में नहाने लगे थे और पानी की गहराई में जाने से दो युवती और एक युवक डूब गया था। साथ में गई लड़कियों ने यह देखकर शोर मचाया तब आसपास जंगल के लोग जमा हो गए और जब तक तीनों को तालाब से बाहर निकाला गया तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर परिवार के लोग पहुंच गए। सूचना पर घटनास्थल पर पुलिस भी पहुंच गई। तीनों मृतक के परिवार के लोग तीनों के शव को अपने घर ले गए। शवों को देखकर पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा रहा और ढांढ्स बंधाने वालों का तांता लगा रहा।