मुरादाबाद। लॉक डाउन में मौज मस्ती पर ब्रेक लगा तो ऑटो मैकेनिक ने अपने साथियों के साथ मिलकर गिरोह बना लिया और वाहनों की चोरी शुरू कर दी। सिविल लाइंस पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर इनकी निशानदेही पर चोरी की पांच बाइक और एक स्कूटी बरामद की है।
सहायक पुलिस अधीक्षक अनिल यादव ने शुक्रवार को गुरुवार रात सिविल लाइंस पुलिस कांठ रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक आई। जिस पर तीन युवक सवार थे। पुलिस कर्मियों ने चालक को रुकने का इशारा किया, मगर उसने बाइक तेजी से दौड़ा दी। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक रुकवा ली। पूछताछ करने पर युवक बाइक के कागजात नहीं दिखा पाए। शक होने पर पुलिस कर्मी तीनों युवकों को थाने ले आए। यहां पुलिस पूछताछ की तो उन्होंने बाइक चोरी करने की बात कबूल की।
पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम सत्यम निवासी रेलवे कालोनी मनोकामना मंदिर के सामने सिविल लाइंस, अभिषेक विश्नोई निवासी कॉसमॉस अस्पताल के पास नई बस्ती थाना सिविल लाइंस और शिवा तोमर निवासी ग्राम खासपुर थाना मझोला हाल निवासी चिडिय़ा टोला थाना मझोला बताया है इसके बाद पुलिस ने इनकी निशानदेही पर कांशीराम चौराहे के पास स्थित एक खंडहर से चार बाइक और स्कूटी बरामद कर ली।
पुलिस का दावा है कि लॉकडाउन के बाद ही ऑटो मैकेनिक सत्यम ने शिवा तोमर और अभिषेक विश्नोई को साथ मिलकर वाहन चोरों का गिरोह बनाया था। इसके बाद इन्होंने कई बाइकें चोरी की और सस्ते दामों पर बेच दी थीं। आरोपियों ने कबूला है कि वह मौज मस्ती और महंगे शौक पूरे करने को चोरियां करते हैं। शुक्रवार दोपहर बाद पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां उन्हें जेल भेज दिया गया है।