कुंदरकी। रविवार को कुंदरकी ब्लॉक की ग्राम पंचायत रूपपुर में सार्वजनिक स्थल पर लगे इंडिया मार्का हैंडपंप उखाड़ने को लेकर विवाद हो गया है। आरोप कि गांव के खुर्शीद सलमानी ने अपने मकान के सामने लगे इंडिया मार्का हैंडपंप को उखाड़कर घर के अंदर लगवा लिया, जिसका ताबिश आदि ने विरोध किया तो खुर्शीद सलमानी ने कहा कि हैंडपंप खराब पड़ा था, जिसको इसी वजह से उखड़वा कर घर में लगवाया गया है।
इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और मारपीट हो गई जिसमें भाई बहन समेत लोग घायल हो गए जिनको सीएचसी पर उपचार और मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पक्ष से खुर्शीद सलमानी और दूसरे पक्ष से शारिक और जीशान को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद तीनों लोगों को शांतिभंग की आशंका में एसडीएम कोर्ट में चालान कर दिया गया है। वहीं प्रधान पति हाजी राबिल पाशा का कहना कि इंडिया मार्का हैंडपंप जहां पर लगा था वहीं सार्वजनिक स्थल पर लगवाया जाएगा।
उधर नैय्याखेड़ा गांव में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद की स्थिति बन गई तो पुलिस ने महेश को गिरफ्तार कर शांति भंग की आशंका में चालान किया है।