फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमरोहा में ठंड से तीन की मौत

विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा/हसनपुर/मंडी धनौरा। पिछले तीन दिन से सर्दी का सितम गरीबों पर कहर बनकर टूटा है। अमरोहा में देर रात एक युवक की मौत हो गई। सुबह उसके परिजनों को मौत की खबर मिली तो रोना पीटना मच गया। वहीं हसनपुर थाने में चौकीदारी करने वाले वृद्ध की हृदयगति रुकने से मौत हो गई। पुलिस जांच की बात कह रही है। वहीं, मंडी धनौरा के एक वृद्ध की शनिवार को ठंड से मौत हो गई थी। उसकी बेटी बुलंदशहर से अपनी पांच माह की मासूम के साथ पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होने आई थी। महिला अपनी बेटी को सोता हुआ छोड़कर गई थी, थोड़ी देर बाद देखा तो उसका शरीर अकड़ा हुआ था। एक ही घर में ठंड से दो मौत पर परिवार में कोहराम मचा है।
विज्ञापन

रविवार की देर रात एक युवक बेहोशी की हालत में मोहल्ला नौबतखाने में पड़ा मिला। पुलिस ने जांच पड़ताल की। बाद में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वह ठंड में बुरी तरह कांप रहा था। थोड़ी ही देर बाद उसकी मौत हो गई। सोमवार की दोपहर मोहल्ला नई बस्ती के कुछ लोग कोतवाली पहुंचे और उन्होंने मृतक की पहचान मोहम्मद रफीक (40) के रूप में की। उन्होंने बताया की वह बैंकों में बुक बाइडिंग का काम करते थे। रविवार की सुबह भी वह मुरादाबाद जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन सोमवार की सुबह उसकी मौत की खबर मिली। उनके परिवार में पत्नी महताब जहां के अलावा तीन बेटे और एक बेटी है। इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि युवक शराब का आदी बताया जा रहा है। हालांकि वह ठंड से बुरी तरह से कांप रहा था। जिससे लगता है कि उसकी मौत ठंड लगने से हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
गांव निवासी ओमप्रकाश उर्फ ओमी (60 ) हसनपुर थाने में चौकीदारी करते थे। कड़ाके की सर्दी होने से वह कई दिनों से थाने भी नहीं पहुंचे थे। परिजनों ने बताया कि रविवार रात करीब नौ बजे खाना खाने के बाद बिस्तर की तरफ चले तो सर्दी की वजह से अचानक हृदय गति रुक गई। उनको निजी चिकित्सक को दिखाया। जिसने मृत घोषित कर दिया। चौकीदार अपने पीछे दो बेटे और तीन बेटियों को छोड़ गए हैं। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा का कहना है कि चौकीदार की मौत की सूचना मिली है। जांच पड़ताल कराई जा रही है।
विज्ञापन

नगर के मोहल्ला गंज बाजार में रहने वाले ओमप्रकाश (60) की शनिवार की सुबह ठंड से मौत हो गई थी। अपने पिता की मौत की जानकारी होने पर कामिनी अपनी छह माह की बेटी को लेकर गम में शामिल होने आई थी। उसका विवाह बुलंदशहर के स्याना कस्बे में हुआ है। सोमवार को उसकी बेटी घर पर सो रही थी। कामिनी ने काफी देर बाद देखा तो कड़ाकेे की ठंड में मासूम का शरीर अकड़ा पड़ा था। जिससे उसकी मौत हो गई। तीन दिन के भीतर दो मौत होने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। भाजपा विधायक राजीव तरारा ने परिजनों से मिलकर शोक व्यक्त किया। विधायक ने आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया है।
कोहरे में वाहन भिड़े, दो घायल
गजरौला। घने कोहरे में हाईवे पर मैक्स और ट्रैक्टर-ट्राली में भिड़ंत हो गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। सोमवार की सुबह यह हादसा हाईवे पर मोहम्मदा बाद के निकट हुआ। यहां दिल्ली की दिशा से आ रही मैक्स को सामने से गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। हादसे में मैक्स में सवार नरेश कश्यप, संदीप कश्यप निवासी गांव तिलवाड़ा थाना छपरौली जनपद बागपत गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला और निजी अस्पताल में ले गए। बताते हैं कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली का चालक वहां से भाग निकला।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें