मुरादाबाद। फरीदाबाद में कोरोना संक्रमित आने के बाद होम आइसोलेट किए गए तीन संक्रमित भागकर मुरादाबाद आ गए। तीनों मरीज खुद को भर्ती करवाने टीएमयू पहुंच गए। टीएमयू प्रशासन की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच लिया। तीनों संक्रमित एक ही परिवार के हैं और मुरादाबाद लाइनपार में उनका पुश्तैनी मकान है। आठ दिन पहले भी परिवार के एक सदस्य को मुरादाबाद अस्पताल में भर्ती करवा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने तीनों को एशियन विवेकानंद में भर्ती करवा दिया है।
लाइनपार मुरादाबाद का एक परिवार फरीदाबाद सूर्या विहार में रहता है। परिवार में सात सदस्य हैं। दस दिन पहले परिवार का एक युवक कोरोना संक्रमित आया। युवक की फरीदाबाद में ही सैंपल की जांच की गई थी। फरीदाबाद स्वास्थ्य विभाग ने युवक को होम आइसोलेट कर दिया। बताया जा रहा है कि परिवार का एक नजदीकी रिश्तेदार टीएमयू में डाक्टर है। उसी डाक्टर की सलाह पर परिवार के लोग संक्रमित युवक को आठ दिन पहले मुरादाबाद टीएमयू में भर्ती करवाकर चले गए। परिवार के फरीदाबाद लौटने के बाद वहीं स्वास्थ्य विभाग ने बाकी सदस्यों का भी 25 जून को सैंपल कराया। 27 जून को सैंपल रिपोर्ट में परिवार के 48 साल के मुखिया, उनका 19 और 18 साल का बेटा भी संक्रमित आ गया। तीन अन्य लोगों के संक्रमित आने पर टीएमयू में तैनात रिश्तेदार डाक्टर ने उन्हें भी मुरादाबाद बुलवा दिया।
परिवार का संक्रमित मुखिया अपने दोनों बेटों को लेकर मुरादाबाद पहुंच गया। तीनों लोग निजी कार से आए थे। टीएमयू पहुंचने के बाद तीनों ने खुद को कोरोना पॉजिटिव बताया। चिकित्सकों ने पूछताछ की तो तीनों ने बताया कि वो फरीदाबाद से आए हैं। टीएमयू प्रशासन ने तत्काल सूचना स्वास्थ्य विभाग को दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम के टीएमयू पहुंचने तक तीनों जिला अस्पताल पहुंच गए। संक्रमितों के अस्पताल पहुंचने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में तीनों संक्रमितों को एशियन विवेकानंद में भर्ती कराया गया। पूछताछ में ही पता चला कि आठ दिन पहले परिवार के एक बेटे को टीएमयू में भर्ती करवा गए हैं। वह अभी तक टीएमयू में ही भर्ती है।