मुरादाबाद। दो दिन कोरोना के संक्रमितों की संख्या में गिरावट में बाद सोमवार को फिर एक साथ 16 मरीज सामने आ गए। इनमें रिपोर्ट आने के बाद अमरोहा निवासी एक महिला की मौत हो गई। जबकि 27 जून को टीएमयू में दम तोड़ने वाले संभल निवासी बुजुर्ग की भी पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। संक्रमित मरीजों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती करा दिया है। जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 449 पहुंच गई है।
सीएमओ डा. एमसी गर्ग ने बताया कि सोमवार को केजीएमयू से 369 लोगों की सैंपल रिपोर्ट जारी हुई। सैंपल 26 और 27 जून को लैब भेजे गए थे। इनमें अमरोहा तकिया मोती शाह निवासी 55 साल की महिला की पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद मौत हो गई। महिला को बुखार की शिकायत पर 26 जून को एशियन विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं से उसका सैंपल भेजा गया। सोमवार को पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर महिला को टीएमयू रेफर किया गया। टीएमयू में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। सीएमओ ने बताया कि 27 जून को टीएमयू में दम तोेड़ने वाले संभल बनियाठेर निवासी 70 साल के बुजुर्ग की भी रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटिव आई है। बुजुर्ग को बुखार और सांस फूलने की शिकायत पर 25 जून को टीएमयू में भर्ती कराया गया था।
डा. गर्ग ने बताया कि किसरौल निवासी 53 साल का अधेड़ भी पॉजिटिव आया है। अधेड़ एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के यहां नौकरी करता है। बुखार की शिकायत पर उसे 25 जून को विवेकानंद में भर्ती किया गया था। पीपलसाना भोजपुर निवासी 24 साल का युवक पॉजिटिव आया है। युवक की दूध की डेरी है। पीपलसाना में कई पॉजिटिव मरीजों के आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने डेरी संचालक का रैंडम सैंपल लिया था। करूला निवासी 52 वर्षीय गल्ला विक्रेता भी संक्रमित आया है। दुकानदार ने 20 जून को सरकारी राशन बांटा था। इसके बाद बुखार की शिकायत के बाद 25 को टीएमयू में भर्ती हुआ।
बिलारी निवासी 65 साल का बुजुर्ग भी पॉजिटिव आया है। तीन दिन पहले ही बुजुर्ग की पत्नी पॉजिटिव आई थी। लाजपत नगर निवासी 38 साल की महिला संक्रमित आई है। महिला निमोनिया की शिकायत पर 27 जून को टीएमयू में भर्ती हुई थी। इससे पहले महिला ने जिला अस्पताल में इलाज करवाया था। लाजपत नगर का ही 36 साल का युवक भी संक्रमित आया है। युवक बुखार और खांसी की शिकायत के बाद 26 जून को टीएमयू में भर्ती हुआ था। सांई अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ का 30 वर्षीय युवक पॉजिटिव आया है। युवक अमरोहा के मंडी धनौरा का निवासी है। 26 जून को अस्पताल में स्टाफ के साथ युवक का सैंपल हुआ था।
मझोला निवासी 45 साल का व्यक्ति, होली चौक संभल निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग, हिमगिरी निवासी 21 वर्षीय युवक, डबल फाटक निवासी 24 साल का युवक भी पॉजिटिव आया है। सीएमओ ने बताया कि कुल 16 संक्रमित मरीजों में दो अमरोहा और दो संभल जिले के हैं। जबकि मुरादाबाद के 12 मरीज हैं। 12 मरीजों के साथ जिले में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 449 पहुंच गया है।