जिले में दिमागी मलेरिया का दायरा बढ़ने लगा है। दिमागी मलेरिया के दो और मरीज मिले हैं। दोनों मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हैं। अस्पताल की लैब में हुए ब्लड टेस्ट में दोनों में फैलसीपैरम मलेरिया की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही फैलसीपैरम मलेरिया के मरीजों की संख्या तीन हो गई है। इसके पूर्व भैंसिया में दिमागी मलेरिया का एक मरीज मिल चुका है।
मैनाठेर क्षेत्र के गांव जाफरपुर निवासी यास्मीन (30) पत्नी असलम को कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित थी। गांव में इलाज कराने पर सेहत कुछ खास सुधार नहीं हुआ। गुरुवार को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। मरीज में मलेरिया के लक्षण सामने आने पर ब्लड टेस्ट कराया गया। शुक्रवार को जांच रिपोर्ट पाजिटिव निकला। यास्मीन दिमागी बुखार से पीड़ित पाई गई। उसे रैन बसेरा में बने अतिरिक्त वार्ड में भर्ती किया गया है।
ऐसे ही रिजवाना का भी ब्लड टेस्ट फैलसीपैरम मलेरिया पाजिटिव निकला है। वहीं तीस अगस्त को भैंसिया में दिमागी मरीज का पहला मरीज मिला था। जिले में पिछले चार दिनों में फैलसीपैरम का ये तीसरा केस है। डिप्टी सीएमओ डा. रंजन गौतम ने बताया कि दोनों मरीज की केस हिस्ट्री तैयार कराई जा रही है। प्रभावित गांवों में टीम भेजकर मरीजों की स्लाइड तैयार कराई जाएगी।
जेल में आशंकित मलेरिया मरीजों की बनी स्लाइड
मुरादाबाद। मलेरिया विभाग की टीम ने शुक्रवार को जिला कारागार का दौरा किया। जहां बंद कैदियों की सेहत की जांच की गई। मलेरिया की आशंका होने पर तैंतीस मरीजों की स्लाइड तैयार की गई। साथ एंटी लार्वा की छिड़काव कराई गई।