मुरादाबाद। दूसरों की जमीन अपनी बताकर बैनामा कराने वाले गिरोह के तीन-तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थाने में 12 केस दर्ज हैं। गिरोह में शामिल पूर्व पार्षद समेत अन्य आरोपी फरार हैं, जिसकी तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को सोमवार शाम पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां उन्हें जेल भेज दिया गया है।
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि सिविल लाइंस के अगवानपुर निवासी अनीस अहमद ने 16 सितंबर 2023 को भोजपुर थाने में आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था, जिसमें अनीस ने बताया कि आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज के जरिए जमीन का बैनामा कराकर 35 लाख रुपये ठग लिए है। जबकि 15 अक्तूबर 2023 को दीनदयाल नगर निवासी चुन्नी लाल ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर 12 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करके जमीन बेचने का आरोप लगाया था। इन दोनों मामलों की जांच सिविल लाइंस थाने की पुलिस को सौंपी गई थी। जांच के दौरान पता चला कि दोनों मामलों में एक ही गिरोह शामिल रहा है। गिरोह मिलकर तहसील से दस्तावेज निकालकर दूसरों को खड़ा करके जमीन का बैनामा कराकर ठगी करता है।
इस मामले में पुलिस ने फुरकान निवासी मंसूरी काॅलोनी जयंतीपुर थाना मझोला, सलीम अहमद निवासी जाहिदपुर सीकमपुर थाना भगतपुर, महेंद्र सिंह निवासी देवीपुरा थाना भोजपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके गिरोह के सदस्य तहसील से जमीनों के दस्तावेज निकलवा लेते हैं। इसके बाद साइबर कैफे से उनकी जमीन की खतौनी निकाल लेते हैं। इसके बाद जमीन के मालिकों को खोजकर उन्हें सरकारी योजनाओं का लालच देकर उनसे आधार कार्ड, पैन कार्ड व अन्य दस्तावेज ले लेते थे। इसके बाद एडिट कर उनकी जगह किसी दूसरे व्यक्ति का फोटो लगाकर उसे जमीन का मालिक बताकर बैनामा करा देते थे। गिरोह में पूर्व सभाषद, एक यूट्यूबर और एक महिला भी शामिल है। जिनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।