सिरसवां दोराहा। भोजपुर थाना क्षेत्र के सेहल गांव में विकास कार्यों की जांच के दौरान दो पक्षों में हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपी भी गिरफ्तार कर लिए हैं।
भगतपुर टांडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत सेहल निवासी सचिन शर्मा, मोहित कुमार और अंकित कुमार ने डीएम को शिकायती पत्र देकर गांव में हुए विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। इस पर बुधवार को समाज कल्याण विभाग के पर्यवेक्षक अनिरुद्ध, डीआरडीए के सहायक अभियंता समेत छह अधिकारियों की टीम पुलिस को साथ लेकर मौके पर पहुंची थी। और जांच शुरू की। इसी दौरान प्रधान पक्ष के लोग आ गए थे और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी। इस मामले में एसआई विपिन कुमार की तहरीर पर दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जिसमें बताया गया है कि आरोपियों ने जांच के दौरान पुलिस टीम के साथ मारपीट की और एक दूसरे पर जानलेवा हमला किया है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपी भुवनेश कुमार शर्मा, पवन कुमार पांडेय, ध्रुव कुमार शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। बृहस्पतिवार की दोपहर बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से आरोपी जेल भेज दिए गए हैं। संवाद