आजम खां के बाद अब सपा विधायक हाजी इकराम कुरैशी को धमकी मिली है। विधायक का कहना है कि एक व्यक्ति ने कॉल करके उन्हें व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को गोली से उड़ाने की धमकी दी है। सपा सरकार हटते ही हाजी इकराम की सुरक्षा हटाई गई थी।
विधायक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। एसएसपी ने सर्विलांस सेल को कॉल करने वाले नंबर की छानबीन करने को कहा है।
देहात सीट से सपा के विधायक हाजी इकराम कुरैशी गलशहीद थाना क्षेत्र में असालतपुरा भूड़ा के चौराहे पर रहते हैं।
विधायक का कहना है कि पिछले आठ दिन से उन्हें कॉल कर एक युवक अपशब्द कहता है। विरोध जताने पर उन्हें जान से मारने की धमकी देता है। विधायक का कहना है कि पूर्व में उन्हाेंने इसकी शिकायत एसओ गलशहीद से की थी, लेकिन उस वक्त एफआईआर दर्ज नहीं कराई थी।
विधायक का कहना है कि मंगलवार को दोबारा दोपहर सवा तीन बजे कॉल कर आरोपी ने उन्हें धमकी दी। कॉल करने वाले ने अपना नाम नहीं बताया है। बकौल विधायक कॉल करने वाले ने कहा कि वह उन्हें और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को गोली से उड़ा देगा।
इसके बाद विधायक ने गलशहीद थाने में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। हाजी इकराम सपा सरकार में दर्जा राज्यमंत्री थे और उन्हें भारी भरकम सुरक्षा हासिल थी। लेकिन सत्ता बदलने के बाद अब उनके पास केवल एक पदेन गनर है।
पुलिस का कहना है कि विधायक ने कोई रिकार्डिंग नहीं दी है। उन्हाेंने एक नंबर के बारे में शिकायत की है, जिसकी जांच की जा रही है।