गोली लगने से घायल अनिल को अस्पताल में भर्ती किया गया।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। प्लॉट के विवाद को लेकर चल रहे विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को गोली मार दी। आरोप है कि इससे पहले एक पक्ष ने चौकी में ही उसे गोली मारने की धमकी दी थी। बीस मिनट बाद ही रास्ते में घेरकर उसे गोली मार दी। गोली से बचने के लिए व्यवसायी ने तमंचे की नाल पकड़ ली, जिससे गोली हथेली को चीरती हुई निकल गई। घायल को जिला अस्पताल से निजी अस्पताल रेफर किया गया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अनिल के मुताबिक प्लॉट के एक विवाद को लेकर बुधवार दोपहर चार बजे नरेश और गंगाराम लालबाग पुलिस चौकी पहुंचे। नरेश ने उसे भी चौकी बुलवा लिया। अनिल का आरोप है कि नरेश के बेटे इंदर ने चौकी में ही उसे गोली मारने की धमकी दी। कुछ देर बाद तीनों चौकी से घर चले गए। अनिल ने बताया कि बीस मिनट बाद नरेश का बेटा इंदर तमंचा लेकर आ गया और रास्ते में उसे घेर लिया। इंदर ने अनिल पर तमंचा तान दिया। अपना बचाव करने के लिए अनिल ने बाएं हाथ से तमंचे की नाल पकड़ ली। इंदर ने गोली चला दी और नरेश की हथेली चीरती हुई पार निकल गई।
घायल अनिल जमीन पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर लोगों की भीड़ लग गई। अनिल के रिश्ते में भतीजे दिनेश ने बताया कि उसने इंदर को पकड़ना चाहा। इंदर ने एक और फायर किया और भाग गया। सूचना पर अनिल के परिजन घटनास्थल पहुंचे। घायल अनिल को थाना मुगलपुरा लेकर गए और थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के सामने बयान दर्ज करवाए। पुलिस ने तहरीर पर नरेश और उसके बेटे इंदर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी अमित आनंद ने घटनास्थल का मुआयना किया और अस्पताल पहुंच कर घायल के बयान लिए।
चौकी में कोई धमकी नहीं दी : चौकी प्रभारी
मुरादाबाद। लालबाग चौकी इंचार्ज चमन सिंह ने बताया कि चौकी में प्लॉट को लेकर नरेश और गंगाराम के बीच विवाद चल रहा था। जिसमें अनिल का कोई मतलब नहीं था। चमन सिंह ने बताया कि उसके सामने इंदर ने कोई धमकी नहीं दी। गंगाराम ने एक प्लॉट प्रेमनारायण मिश्रा से खरीदा है। जिस पर नरेश ने दावा किया कि प्लाट उसका है।
नरेश ने थाने में किया आत्मसमर्पण
मुरादाबाद। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि नामजद आरोपी नरेश ने थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। कहा कि घटना में उसका लेना-देना नहीं है। मैंने न तो गोली मारी और न ही किसी को गोली मारने को कहा है।