थाने में थर्ड डिग्री: मुरादाबाद के थाने में दो युवकों को जमकर पीटा, बिगड़ गई हालत.. दो पुलिसकर्मी निलंबित
Mon, 28 Oct 2024 03:00 PM IST
विमल शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)
सार
ठाकुरद्वारा थाने में बाइक चोरी के शक में दो युवकों से थर्ड डिग्री के आरोप में दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है। युवकों ने एक कमरे में बंद कर जमकर पीटा गया। मामले में छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
मुरादाबाद जिले के ठाकुरद्वारा कोतवाली में बाइक चोरी के संदेह में हिरासत में लिए गए दो युवकों को थर्ड डिग्री देने का मामला सामने आया है। घटना में शामिल सिपाही इमरान और गुलशन को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देश पर दोनों पुलिसकर्मियों समेत कुल छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
रविवार को ठाकुरद्वारा के तिकोनिया पुलिस चौक पर एक ऑफिस के सामने से बाइक चोरी हो गई थी। पुलिस ने संदेह के आधार पर वार्ड सात निवासी शाहरुख और उसके साथी इरशाद को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया। आरोप है कि दोनों युवकों को कोतवाली के पिछले गेट से एक कमरे में ले जाकर बेल्ट से जमकर पीटा गया।
विज्ञापन
इससे उनकी हालत बिगड़ गई। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी ग्रामीण ने ठाकुरद्वारा पहुंचकर मामले की जांच की और दोषी पाए गए पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए। मेडिकल जांच में दोनों युवकों के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं।
दोनों को ठाकुरद्वारा के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। पीड़ितों ने आरोप लगाया कि दोनों सिपाहियों ने अन्य तीन अन्य के साथ मिलकर जमकर मारपीट कर गाली-गलौज की। उनकी तहरीर के आधार पर धारा 115(2), 352, और 351(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने बताया कि सिपाही इमरान और गुलशन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बताया कि मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।