कांठ। आधी रात को घर में घुसे चोर कमरे में रखे संदूक से लाखों के सोने और चांदी के जेवर सहित नकदी चोरी करके ले गए। चोरी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया है। वहीं फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्व़ॉड ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। कांठ थाना क्षेत्र के गांव जहांगीरपुर चकफेरी निवासी दीपक कुमार और उनके परिजन बुधवार की रात करीब 11 बजे खाना खाकर घर में सोए गए थे। रात में किसी समय चोर घर में घुस आए और उन्होंने यहां कमरे में रखे संदूक का लॉक तोड़कर उससे लाखों के सोने व चांदी के जेवरों सहित 11000 रुपये की नकदी चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने दूसरे कमरों में भी जाकर छोटे संदूकों और सेफ अलमारियों को खांगाला और चले गए। पीड़ित दीपक ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब पांच बजे जब उसकी पत्नी सोनी नींद से जागी को कमरों के दरवाजे खुले थे। देखा तो संदूक खुला और सामान बिखरा पड़ा था, साथ ही जेवर और नकदी गायब थे। वहीं दूसरे के कमरों में रखे संदूक व अलमारी खुले पड़े थे। इसके बाद कांठ पुलिस को सूचना दी गई। जिस पर एसएचओ सुदेश पाल सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और जांच पड़ताल कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया, जिस पर सीओ कांठ शुभम पटेल ने भी मौका मुआयना किया।
फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉड टीमों ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। दीपक के अनुसार चोरी हुए जेवर लाखों के रुपये के थे। फिलहाल उसने चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने के लिए बृहस्पतिवार की शाम पुलिस को तहरीर दी है। सीओ शुभम पटेल ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। एसएचओ सुदेश पाल सिंह का कहना है कि जांच की जा रही है, मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।