मुरादाबाद। मुरादाबादी हस्तशिल्प और गुजराती उत्पादों का संगम जल्द ही अंतरराष्ट्रीय बाजार में देखने को मिल सकता है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की बेटी अनार पटेल ने इस संयोजन से कारोबार की इच्छा व्यक्त की है। उन्होंने रविवार को मुरादाबाद में दिल्ली रोड स्थित शिल्पग्राम जैन मेटल के दौरे पर इसकी चर्चा की।
राज्यपाल की बेटी ने पीतल के उत्पादों की ढलाई, पॉलिश व नक्काशी को बारीकी से समझा। वह इससे काफी प्रभावित हुईं। शिल्पग्राम के मैनेजिंग डायरेक्टर नमन जैन ने राज्यपाल व उनकी बेटी को मुरादाबाद में हस्तशिल्प उत्पादों के निर्माण से लेकर पैकिंग तक की प्रक्रिया समझाई। अनार पटेल ने कहा कि गुजरात और मुरादाबाद की कला का संयोजन कर बने उत्पाद दुनिया भर में छा सकते हैं। इस पर जल्द ही काम शुरू किया जा रहा है। उन्होंने मुरादाबाद के कुछ उद्यमियों को गुजरात स्थित शिल्पग्राम आने का न्योता दिया है।