पाकबड़ा (मुरादाबाद)। नया मुरादाबाद स्थित सुपरटेक अपार्टमेंट में सोमवार दोपहर चोरों ने दिन दहाड़े तीन फ्लैटों के ताले तोड़कर नकदी समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। गजब यह रहा कि जिस समय चोर एक फ्लैट को खंगाल रहे थे, उसकी मालकिन आ र्गइं और उन्हाेंने चोरों को देखकर शोर भी मचाया पर चोर भाग निकले। हंगामा होने पर पता चला कि बाकी मकानों के भी ताले टूटे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई और मौका मुआयना किया। रिपोर्ट दर्ज कराने को तहरीर दे दी गई है।
नया मुरादाबाद की सुपरटेक कालोनी के डी ब्लाक स्थित फ्लैट नंबर 706 में रहने वाली मधु जैसल दोपहर एक बजे खरीदारी करने मुरादाबाद गई थीं। चोरों ने इनके फ्लैट के ताले तोड़ दिए और यहां से सोने चांदी के जेवर व अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके बराबर में एफ सीआई में तैनात मनोज कुमार का फ्लैट नंबर 705 है। चोरों ने इनके फ्लैट का भी ताला तोड़ दिया। चोर 704 फ्लैट के ताले तोड़कर अंदर घुस गए और महंगे सामान की तलाश शुरू की। इसी दौरान फ्लैट की मालकिन सरिता तोमर आ गई। फ्लैट में घुसे चोर सरिता को देखकर वहां से भागने लगे और सरिता ने भी शोर मचा दिया। बावजूद इसके चोर सीढ़ियों से उतरकर भाग निकले। महिला ने अपने फ्लैट का दरवाजा बंद करने के बाद फोन से अपने पति को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दिन दहाड़े चोरी की इस घटना से अपार्टमेंट में हड़कंप मच गया। चोरी की इस घटना से लोगों में पुलिस और सुपरटेक सोसाइटी के खिलाफ आक्रोश है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके मुआयना किया। पाकबड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि केस दर्ज किया जा रहा है।
अपार्टमेंट में पहले भी हुई थी चोरी की घटना, नहीं हुआ खुलासा
पाकबडा। सुपरटेक में रहने वाले लोगों का कहना है कि आठ फ्लैटों में चोरी हो चुकी है। अभी एक भी घटना का खुलासा नहीं हुआ। आखिर ऐसा कब तक चलेगा। कालोनी के मुख्य गेट पर तीन ही सीसीटीवी कैमरे हैं। इसके अलावा कालोनी में कहीं कैमरा नहीं है। मैन गेट पर लगे कैमरे भी घटिया क्वालिटी के हैं। कई बार सुपरटेक कालोनी मैनेजर से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। उन्होंने कहा की सुपरटेक कालोनी के लोगों से सुरक्षा देने के नाम पर पैसा लिया जाता है, लेकिन पैसा लेने के बाद भी सुरक्षा नहीं देती जाती है। सुपरटेक के मैनेजर संजीव मिश्रा ने बताया की जल्द ही पूरी सोसाइटी में जगह जगह कैमरे लगवाए जाएंगे।