ठाकुरद्वारा। थाना डिलारी क्षेत्र में एक किसान ने अपना टिपलर चोरी करने वाले आरोपी को पकड़वा दिया लेकिन पुलिस ने उसे बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया। मंगलवार को किसान ने इसकी शिकायत सीओ आशीष प्रताप सिंह से की। जिस पर सीओ ने थाना डिलारी के प्रभारी से जांच रिपोर्ट तलब की है। वहीं किसान को आश्वासन दिया है की रिपोर्ट में मिले तथ्यों के आधार पर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
थाना डिलारी के गांव चंदूपुरा निवासी किसान रतन राम सैनी ने सीओ को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसका टिपलर 17 सितंबर को चोरी हो गया था। जिसकी लिखित सूचना 18 सितंबर को थाना डिलारी में देकर कार्रवाई की मांग की गई थी। बाद में पुलिस के कार्रवाई न करने पर उन्होंने स्वयं चोर का पता लगाया। रास्ते में गांव सुल्तानपुर खादर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में उनका टिपलर चोरी कर ले जाता आरोपी दिखाई दिया जो ठाकुरद्वारा थाना क्षेत्र के गांव सरकड़ा परम का निवासी है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया किसान ने आरोपी का घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी 24 अक्तूबर को पकड़कर पुलिस को दे दिया। ट्रैक्टर भी संदिग्ध है। रतन राम सिंह का कहना है कि पुलिस ने बाद में आरोपी से उनका चोरी किया गया टिपलर वापस दिया लेकिन उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की और उसका ट्रैक्टर और आरोपी को छोड़ दिया। किसान ने ग्रामीणों के साथ थाना पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की तो सीओ से इस मामले में शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सीओ आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले में शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना डिलारी के प्रभारी निरीक्षक से जांच रिपोर्ट तलब की गई है। जांच रिपोर्ट में मिले तथ्यों के आधार पर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।