फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: हत्या कर कुएं में फेंकी गई युवती संभल की सबरीन थी, परिजनों को नशा देकर निकली थी

Sun, 01 Mar 2026 02:14 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, मुरादाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
मैनाठेर। थाना क्षेत्र के बघी गोवर्धनपुर के जंगल में कुआं में मिला शव संभल के असमोली थाना क्षेत्र से लापता युवती सबरीन का निकला। शनिवार को परिवार ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर पहचान कर ली। युवती 26 फरवरी को परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर घर से निकल गई थी। शनिवार शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी।
विज्ञापन


मैनाठेर थाना क्षेत्र के बघी गोवर्धनपुर गांव के जंगल में शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे खेत में काम कर रहे लोगों ने कुएं में एक युवती का शव पड़ा देखा था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की थी। शुक्रवार को मृतका की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था।

शनिवार मृतका की शिनाख्त संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के कमालपुर उर्फ कापूरपुर निवासी बाबू की बेटी सबरीन उर्फ समरीन (18) के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार युवती के पिता बाबू भट्ठे पर चौकीदारी करते हैं और उस रात ड्यूटी पर थे। घर में मां परवीन, बहन तरन्नुम, भाई अजीम, अब्दुल और दो वर्षीय भांजी मौजूद थे।
विज्ञापन


पिता बाबू ने बताया कि जब वह सेहरी के समय सुबह घर पहुंचे तो दरवाजा खुला मिला और परिवार के सदस्य गहरी नींद में थे। बेटी परिवार के लोगों को नशीला पदार्थ खिलाकर घर से निकल गई थी। पिता बाबू ने बेटी सबरीन उर्फ समरीन का अपहरण कर हत्या की आशंका जताई है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। मृतका की पहचान हो गई है। परिवार से पूछताछ करने के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें