बिलारी। अमरोहा जिला निवासी युवक ने बिलारी नगर में अपनी ससुराल में पहुंचकर सास के साथ मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नगर के मोहल्ला ठाकुरान निवासी नफीसा बेगम की बेटी शाहीन बी की शादी अमरोहा शहर के मोहल्ला नई बस्ती में रौनक वाटिका के निकट निवासी वसीम के साथ हुई है। पति द्वारा आए दिन उत्पीड़न करने की वजह से शाहीन बी इन दिनों अपने मायके में ही रह रही है। नफीसा बेगम की ओर से सोमवार शाम थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि रविवार देर शाम साढ़े आठ बजे उसका दामाद वसीम अपने तीन रिश्तेदारों के साथ उसके घर पहुंचा। जैसे ही बैठने को कहा तभी वसीम और उसके रिश्तेदारों ने गाली देनी शुरू कर दी। समझाने पर लात घूंस से पीटने लगे। शोर मचाने पर पड़ाेसियों के आ जाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने वसीम और उसके तीन अज्ञात रिश्तेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।