ठाकुरद्वारा। निकाह का झांसा देकर युवती से सात वर्ष तक दुष्कर्म करने और निकाह के लिए कहने पर घर में घुसकर युवती और उसके परिजनों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। युवती ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सुरजननगर पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उसके पड़ोस के एक युवक ने सात साल शादी का झांसा देकर पहले अपने प्रेम जाल में फंसा कर उससे शारीरिक संबंध बनाता रहा। आरोप है कि अब उसने जब आरोपी से निकाह करने को कहा तो उसने इन्कार कर दिया। धमकी दे रहा है कि वह सऊदी अरब चला जाएगा। युवती का आरोप है कि सात वर्ष तक आरोपी ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया है। 31 जनवरी को इस संबंध में गांव के कुछ लोगों की मौजूदगी में पंचायत भी हुई थी, लेकिन पंचायत में भी उसने निकाह करने से इंकार कर दिया है। आरोप है कि एक फरवरी को आरोपी और उसके परिजन उसके घर के अंदर आ गए। उन्होंने उसके और उसके परिजनों के साथ गाली गलौज की। विरोध करने पर मारपीट की। कोतवाली प्रभारी विवेक शर्मा ने युवती और उसके परिजनों से इसकी जांच के लिए दो दिन का समय मांगा है। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि यदि जांच में उसका आरोप सही मिला तो आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।