मुरादाबाद। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में कार्यरत बंगला गांव के दसवां घाट निवासी एक युवक ने फंदे से लटककर जान दे दी। युवक की मौत से परिवार सदमे में है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव का पंचानामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना नागफनी के बंगला गांव के दसवां घाट में रह रहे 25 वर्षीय विपिन सैनी नाम के युवक ने रस्सी का फंदा बना उस पर लटककर जान दे दी। बताया गया कि विपिन जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में कर्मचारी था। तीन साल पहले ही विपिन की शादी हुई थी। चौकी प्रभारी बंगला गांव राम प्रताप ने बताया कि विपिन के एक साल का मासूम बेटा भी है। पुलिस के मुताबिक गुरुवार को ड्यूटी से लौटकर विपिन घर आया और शाम साढ़े पांच बजे उसने कमरे को अंदर से बंद कर लिया और फंदा बनाकर उस पर लटक गया जिसके चलते उसकी मौत हो गई। विपिन की छोटी बहन ने भाई को फंदे से लटका देखा तो घर में चीख पुकार मच गई। रोने पीटने की आवाज सुनकर आए पड़ोसी भारत ने कमरे का दरवाजा तोड़कर विपिन के शव को फंदे से नीचे उतारा। बताया गया कि परिजन बिना किसी कार्यवाही के ही विपिन का अंतिम संस्कार करना चाहते थे। लेकिन किसी व्यक्ति ने पुलिस को इस बात की सूचना दी जिस पर पुलिस ने मौके पर जाकर शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि आत्महत्या करने का कोई कारण अभी तक सामने नहीं आया है।