ठाकुरद्वारा। 20 लाख रुपये, कार और प्लाॅट की मांग पूरी न करने पर महिला को मारपीट कर उसके ससुराल से निकाल दिया। गांव कुआं खेड़ा खालसा निवासी निषेधना ओसवाल ने पुलिस को तहरीर देकर देकर कहा कि उसका विवाह 8 मार्च 2024 को थाना डिलारी के गांव सलारपुर निवासी शिवम कुमार के साथ हुआ था। उसके पति शिक्षा विभाग बरेली में लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। महिला का कहना है कि उसके परिजनों ने शादी में काफी दान दहेज दिया था लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उन्होंने कम दहेज देने के ताने देकर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। उस पर अपने मायके से मुरादाबाद में एक प्लॉट दिलाने, कार और 20 लाख रुपये देने की मांग करने लगे।
इस बीच उसके मायके वालों ने उन्हें शांत करने के लिए कुछ पैसे भी दिए लेकिन इसके बाद भी उनकी मांग कम नहीं हुई। आरोप है कि तीन फरवरी 2025 को उन्होंने अपनी मांग को लेकर उसे मारपीट कर अपने घर से निकाल दिया। उसके पति उसके मायके में छोड़ आए और उसके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार किया लेकिन वह होली पर अपनी ससुराल पहुंच गई तो आरोप है कि ससुराल वाले उसे देखकर भड़क गए और उसे धक्के मारपीट कर अपने घर से निकाल दिया। पुलिस ने निषेधना की तहरीर पर आरोपी पति, सास, ससुर, नंद नंदोई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।