बिलारी। थाने के आजमपुर गांव के चौकीदार धर्मपाल सिंह 48 वर्ष की मंगलवार रात बिलारी चंदौसी रेलवे लाइन पर ट्रेन से कटकर मौत हो गई। पुलिस ने रेलवे लाइन से चौकीदार का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मंगलवार रात लगभग नौ बजे एक यात्री ट्रेन चंदौसी से बिलारी के राजा का सहसपुर रेलवे जंक्शन होते हुए मुरादाबाद की ओर जा रही थी। जैसे ही ट्रेन बिलारी कुंदरकी के बीच ईसापुर गांव से आगे पहुंची तभी एक ग्रामीण ट्रेन की चपेट में आ गया। इस दौरान ट्रेन में टकराने के बाद रेलवे लाइन के किनारे खड़े खंभे में सिर टकरा जाने पर ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रेन चालक सतीश कुमार की सूचना पर बिलारी पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की। रात को शिनाख्त न हो पाने पर पुलिस ने अज्ञात में ही शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।
उधर चौकीदार धर्मपाल सिंह जब देर शाम तक घर वापस नहीं पहुंचे तब परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने रातभर आस पास के इलाके और रिश्तेदारियों में तलाशा लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। सुबह को बिलारी पुलिस ने विभिन्न व्हाटसएप ग्रुप पर मृतक का फोटो अज्ञात के रूप में डाला तब अज्ञात की शिनाख्त धर्मपाल सिंह निवासी आजमपुर के रूप में हो गई। परिजनों के अनुसार धर्मपाल सिंह मंगलवार शाम पांच बजे घर से यह कहकर निकले थे कि वह बिलारी जा रहे हैं। धर्मपाल सिंह के परिवार में पत्नी राजवाला के अलावा तीन बेटे राहुल, गुडडू और प्रमोद तथा एक बेटी अनु है। बुधवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जब धर्मपाल का शव उसके घर पहुंचा तब ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक धर्मपाल के बेटे राहुल ने पुलिस को लिखकर दे दिया कि रेलवे लाइन पर मिला शव उसके पिता का है। वह शव का पोस्टमार्टम कराना चाहता है।