अमरोहा। जेएस हिंदू पीजी कॉलेज में सोमवार को नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर प्रवेश उत्सव के अंतर्गत ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद के कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें बेहतर शिक्षा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के महत्व से अवगत कराया। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के बौद्धिक, सामाजिक और चारित्रिक विकास के लिए सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने छात्रों से नियमित कक्षाओं में उपस्थित रहने, स्वाध्याय की आदत विकसित करने तथा सत्यनिष्ठा और नैतिकता के साथ शिक्षा एवं शोध कार्य करने का आह्वान किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर वीर वीरेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार से नियमित कक्षाएं प्रारंभ हो गई हैं।
विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार विद्यार्थियों के लिए 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए। प्रोफेसर बीना रुस्तगी ने विद्यार्थियों से एनसीसी, एनएसएस, सांस्कृतिक क्लब और खेल गतिविधियों से जुड़ने के साथ-साथ पुस्तकालय, वाचनालय एवं साहू जगदीश सरन निशुल्क कोचिंग का लाभ उठाने की अपील की। राजनीति शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि स्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 आधारित ओरिएंटेशन कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जिसमें विशेषज्ञ उन्हें नई शिक्षा नीति और पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं।