25 दिन में सिविल लाइंस क्षेत्र में आंबेडकर पार्क के सामने वेंडिंग जोन बन कर तैयार हो जाएगा। इस स्थान को आकर्षक और सेल्फी प्वाइंट के रूप में विकसित करने के लिए यहां रेड स्टोन (लाल पत्थर) की जालीदार रेलिंग लगाई जा रही है। करीब 90 फीसदी काम पूरा हो गया है। इसके निर्माण के बाद यहां वेंडिंग जोन में लगे खानपान के स्टाल पर शहर के लोग विभिन्न तरह के खाद्य पदार्थों का स्वाद चख सकेंगे। वहीं उनके वाहनों के पार्किंग की भी बेहतर व्यवस्था रहेगी। नगर आयुक्त ने करीब 50 लाख रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस वेंडिंग जोन का काम 30 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस गेट के दोनों ओर और आंबेडकर पार्क के सामने एक हजार वर्ग मीटर खाली पड़े क्षेत्र को वेंडिंग जोन और पार्किंग स्थल बनाया जा रहा है। इस क्षेत्र में महिला थाना, आंबेडकर पार्क, मंडलायुक्त कार्यालय, जिला अस्पताल, पीडब्ल्यूडी कार्यालय आदि हैं, जिसकी वजह से इस क्षेत्र में करीब 100 वाहनों की पार्किंग के लिए स्थान बनाया जा रहा है। 25 वेंडरों के स्टाल के लिए यहां जगह का प्रबंध किया गया है। शहर के लोगों के वहां बैठने के लिए आकर्षक बेंचे भी लगाई जाएंगी। नगर आयुक्त के निर्देश पर यहां सेल्फी प्वाइंट भी बनाया जा रहा है।