बिलारी थाना क्षेत्र के सहसपुर गांव के मोहल्ला सिद्धार्थनगर निवासी दीप सिंह रविवार सुबह करीब 4:15 बजे मुरादाबाद ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे। 15 मिनट बाद उनकी स्कूटी मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर हाथीपुर गांव के सामने पहुंची थी। इसी दौरान मुरादाबाद की ओर से आ रही वैन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। स्कूटी में टक्कर मारने के बाद वैन भी अनियंत्रित होकर पलट गई। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने लोगों की मदद से वैन चालक व वैन में सवार यात्रियों को बाहर निकाला। पुलिस हादसे में घायल स्कूटी सवार और वैन सवार 11 लोगों को लेकर सीएचसी पहुंची, जहां चिकित्सकों ने स्कूटी सवार दीप सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं वैन चालक अर्जुन सिंह व वैन सवार दंपती नन्हूं और विद्यावती को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दीप सिंह के भाई की तहरीर पर कटघर थाना क्षेत्र के डबल फाटक निवासी वैन चालक अर्जुन सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बिलारी में शादी में शामिल होने आ रहा था नन्हूं का परिवार
हादसे में घायल नन्हूं व ओमवीर का परिवार बिलारी में शादी समारोह में शामिल होने आ रहा था। बदायूं जिले के रुदायन निवासी नन्हूं व बदायूं के ही नगलावर निवासी ओमवीर का परिवार चंडीगढ़ में मजदूरी करता है। बिलारी के मोहल्ला महाजनान निवासी बाबू की पत्नी मोरकली नन्हूं की बहन है। बाबू की बेटी की 30 जून की शाम को शादी है। शादी में भात देने के लिए नन्हूं व ओमवीर का परिवार शनिवार रात चंडीगढ़ से ट्रेन से मुरादाबाद पहुंचा। रविवार तड़के सभी लोग मुरादाबाद से बिलारी आने के लिए वैन में सवार हुए, जो अलीगढ़ हाईवे पर गांव हाथीपुर के सामने स्कूटी पर टकराने के बाद पलट गई।
सीओ ने सीएचसी पहुंचकर जाना घायलों को हाल
मुरादाबाद-अलीगढ़ हाईवे पर हाथीपुर गांव के सामने रविवार तड़के हुए हादसे की सूचना पर सीओ राजेश तिवारी भी मौके पर पहुंचे। सीओ ने सीएचसी में पहुंचकर घायलों का हाल भी जाना और मृतक दीप सिंह के परिजनों से मिलकर मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके अलावा सीओ ने क्षेत्र में हो रहे डग्गामार वाहनों के संचालन के बारे में भी जानकारी दी। मुरादाबाद से तड़के करीब चार बजे से बिलारी के लिए डग्गामार वाहनों का संचालन शुरू हो जाता है, जो देर रात तक जारी रहता है। इनमें निजी यात्री वैन ज्यादा शामिल रहती हैं।
घायलों में दो परिवारों के पांच लोग शामिल
हादसे में घायल वैन सवारों में ज्यादा लोग दो परिवारों के हैं। इनमें बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र के रूदायन निवासी नन्हूं, उनकी पत्नी विद्यावती व रिश्तेदार दिनेश, बदायूं जिले के ही नगलावर निवासी ओमवीर, उनकी पत्नी सतवती व बेटी समायरा शामिल हैं। नन्हूं व ओमवीर आपस में रिश्तेदार हैं। सभी बिलारी स्थित एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। वहीं वैन सवार सोनकपुर थाना क्षेत्र के गांव भिड़वारी निवासी अरविंद कश्यप, संभल जिले के हाफिजपुर गांव निवासी शिवकुमार, संभल के गढ़ी थाना क्षेत्र के रहटोल गांव निवासी कुसमा देवी और उनकी बेटी पिंकी भी हादसे में घायल हुई हैं।
चार साल पहले हुई थी दीप सिंह की शादी
दीप सिंह मूलरूप से खादर के दोलतपुर गांव का रहना वाला था। करीब 20 साल पहले वह दो भाइयों सत्यप्रकाश और जयप्रकाश के साथ ननिहाल सहसपुर में आकर रहने लगा था। चार साल पहले उसकी शादी प्रिया से हुई थी। दीप सिंह का एक डेढ़ वर्षीय बेटा रूदाक्ष है। दीप सिंह की मौत से परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।