मुरादाबाद। बढ़ती महंगाई से बर्तन का कारोबार इन दिनों मंदी की मार झेल रहा है। बर्तन बाजार में ग्राहकों की कमी के चलते दुकानदारों के सामने दुकान का किराया, बिजली बिल और कर्मचारियों का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है। बर्तन कारोबारियों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह में बिक्री ज्यादा घटी है।
शहर के कई बर्तन फैक्टरी संचालकों का कहना है कि उनके पास रुटीन के काम का 15 प्रतिशत ही काम बचा है। फैक्टरी में पहले की अपेक्षा बर्तन कम बन रहे हैं। पीतल के बर्तनों में भारी गिरावट आई है। फैक्टरियों में अधिक बर्तन स्टील बन रहे हैं। उनका कहना है कि दुकानों से बर्तन बनाने के ऑर्डर नहीं मिल रहे हैं।
बर्तन बाजार के कारोबारी बताते हैं कि दुकानों पर जहां सुबह-शाम ग्राहकों की भीड़ लगी रहती थी। अब अधिकांश दुकानों पर एक-दो ग्राहक रहते हैं। कई दुकानदारों का कहना है कि सप्ताह में दो दिन बोहनी तक नहीं हो पाती है। दुकान का किराया, बिजली बिल, टैक्स और लेबर का खर्च का दबाव बढ़ रहा है।
00
-पीतल, स्टील समेत अन्य उत्पादों की कीमतें बढ़ रही हैं। बाजार में पैसा नहीं है। सामान्य दिनों के मुकाबले प्रतिदिन कारोबार कम हो रहा है। किसी-किसी दिन एक भी ग्राहक नहीं आते हैं। -पवन अग्रवाल, बर्तन कारोबारी
-फैक्टरी में रूटीन के काम का 15 प्रतिशत कारोबार बचा है। बाजार से ऑर्डर नहीं मिल रहे हैं। केवल स्टील के बर्तन बनाए जा रहे हैं। इस वक्त कारोबार को लेकर काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही है। -गोपाल अग्रवाल, बर्तन फैक्टरी संचालक
-बाजार में ग्राहकों की संख्या लगातार घट रही है। बिक्री नहीं होने से दुकान का किराया और बिजली बिल निकालना भी मुश्किल हो रहा है। कारोबारियों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है। -सुनील अग्रवाल, बर्तन कारोबारी