मुरादाबाद। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने बृहस्पतिवार को गणित और रक्षा अध्ययन विषय का माइनर पेपर निरस्त कर दिया। परीक्षाएं निरस्त होने से विद्यार्थी परेशान रहे। कुछ विद्यार्थी कॉलेज भी पहुंच गए। जानकारी मिलने पर मायूस होकर वापस लौटे। महीने भर मेें विश्वविद्यालय की ओर से तीसरी बार पेपर निरस्त किए गए हैं। इससे पहले सात जनवरी और 17 दिसंबर को परीक्षा निरस्त की गई थी।
बृहस्पतिवार को सुबह की पाली में बीए-बीएससी, बीकॉम प्रथम सेमेस्टर और दूसरी पाली में तीसरे सेमेस्टर के विद्यार्थियों की गणित और रक्षा अध्ययन विषय का माइनर पेपर था, लेकिन बुधवार दोपहर को ही स्थगित कर दिया था। कॉलेजों ने इसकी सूचना विद्यार्थियों को दी थी, लेकिन कुछ विद्यार्थी जानकारी के अभाव में परीक्षा देने के लिए आए। छात्र अभिषेक सिंह ने कहा कि अचानक से विश्वविद्यालय द्वारा स्थगित की जा रहीं परीक्षाओं की वजह से मानसिक तनाव बढ़ रहा है। अब तो यही डर लगता है कि आने वाली परीक्षाएं कब स्थगित हो जाएंगी।
छात्र मोहित चौधरी ने बताया कि मेरे एक दोस्त ने परीक्षा स्थगित होने की सूचना दी थी। विश्वविद्यालय के इस निर्णय से पता चलता है कि वहां पर परीक्षाओं को लेकर कितनी लापरवाही बरती जा रही है। हिंदू कॉलेज में सौ और केजीके कॉलेज में 64 विद्यार्थियों की परीक्षा थी। अब यह परीक्षा 18 जनवरी शनिवार को आयोजित की जाएगी।