मुरादाबाद। जीएसटी रिटर्न फाइल करने के मामले में मंडल के कारोबारी प्रदेश में दूसरे नंबर पर हैं। मई माह में कारोबारियों ने 194.14 करोड़ रुपये जमा किए हैं। प्रदेश में सहारनपुर के कारोबारी प्रथम पायदान पर आए हैं।
प्रदेश स्तर पर जारी आंकड़ों के अनुसार मुरादाबाद मंडल के 40,102 कारोबारी रिटर्न फाइल करने के योग्य हैं। इनमें 38,464 कारोबारियों ने मई माह में रिटर्न फाइल किया है, जो लक्ष्य का 96.92 प्रतिशत है। अप्रैल माह में 98.16 प्रतिशत कारोबारियों ने रिटर्न फाइल कर प्रदेश में नंबर एक स्थान बनाया था। वैसे मंडल में कुल डीलरों की संख्या 70,850 है।
राज्य कर के अधिकारियों का कहना है कि पहले काफी कम व्यापारी रिटर्न फाइल करते थे, लेकिन राज्य कर के अधिकारियों ने जागरूकता अभियान चलाया तो संख्या में बढ़ोतरी होने लगी।
ईंट से लदे नौ वाहन किए जब्त
राज्य कर के अपर आयुक्त ग्रेड -2 आरए सेठ ने बताया कि मोबाइल दस्तों ने बिजनौर में ईंट से भरे छह वाहनों को जीएसटी चोरी के आरोप में पकड़ लिया। इसी प्रकार मुरादाबाद हाईवे पर चेकिंग के दौरान ईंट से भरे तीन ट्रैक्टर पकड़े गए। सभी नौ वाहनों की जांच कर अर्थदंड निर्धारित किया जाएगा। अर्थदंड जमा करने पर ही वाहन छोड़े जाएंगे। चेकिंग के चलते ईंट भट्ठा कारोबारियों में हड़कंप मचा है।