मुरादाबाद। गुरुवार देर शाम चली आंधी ने शहर की बिजली आपूर्ति बाधित कर दी। जगह-जगह फाल्ट होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा तो वहीं पीतल बस्ती में इतना जोरदार फाल्ट हुआ कि लोगों के घरों के बाहर लगे मीटर भी जल गए। क्षेत्र के बिजलीघर के लाइन स्टाफ ने पहुंचकर मरम्मत की। इसके बाद रात नौ बजे तक बिजली आपूर्ति सुचारु हो सकी।
गुरुवार देर शाम सवा सात बजे चली आंधी ने शहर की बिजली आपूर्ति को प्रभावित किया। शहर के सभी बिजलीघरों में तेज हवा के कारण शटडाउन लिया गया। कुछ इलाकों में 132 केवी लाइन के कारण फाल्ट भी हुए। लाइनपार के प्रकाश नगर, प्रेम नगर, गायत्री नगर, हनुमान नगर, राम तलैया, कुंदनपुर, रामेश्वर कॉलोनी, एकता कॉलोनी, मानसरोवर कॉलोनी और आवास विकास बुद्धि विहार में शटडाउन के बाद सप्लाई शुरू कर दी गई। विद्युत वितरण खंड द्वितीय के राम गंगा विहार में और विवेकानंद अस्पताल के पास फाल्ट होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना पर पहुंची बिजलीघर की टीम ने फाल्ट की मरम्मत की, तब जाकर सवा नौ बजे सप्लाई शुरू हुई। पीतल बस्ती क्षेत्र में घरेलू सप्लाई की लाइन बंद थी लेकिन लोगों के घर के ऊपर से गुजर रही 132 केवी की लाइन में फाल्ट हुआ और लोगों के घरों के मीटर जल गए। इससे क्षेत्र के लोगों को काफी समस्या हुई और देर रात तक बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। इसके अलावा पीटीसी, टाउन हॉल, गलशहीद, मंडी समिति क्षेत्र से किसी प्रकार के फाल्ट की सूचना प्राप्त नहीं हुई। अवर अभियंता ओपी वर्मा ने बताया कि रात नौ बजे तक शहर में बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई।
रोडवेज कार्यशाला में शॉर्ट सर्किट से लगी आग
मुरादाबाद। देर शाम चली आंधी के कारण कटघर क्षेत्र में पीतल नगरी रोडवेज की कार्यशाला में शार्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। रोडवेज कर्मियों ने जल्दबाजी में आसपास खड़ी बसों को हटाया और दमकल विभाग को फोन किया। इसके बाद दमकल की गाड़ी वहां पहुंची और आग पर काबू पाया। जब तक एआरएम संदीप नायक वहां पहुंचे तब तक आग पर काबू पाया जा चुका था। गौरतलब है कि इससे पहले भी रोडवेज कार्यशाला में 22 अप्रैल को शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। गनीमत रही किसी बस को कोई हानि नहीं पहुंची।