फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Moradabad News: शिक्षक तो आ रहे हैं....काश तुम भी आ जाते

विज्ञापन
विज्ञापन
मुरादाबाद। शिक्षक क्लास में पहुंच गए थे। यह सोचकर कुछ देर इंतजार भी किया कि हो सकता है विद्यार्थी आ जाएं। लेकिन जंतु विज्ञान और भूगोल विषय समेत कई विषयों के शिक्षक इंतजार ही करते रह गए। भौतिक विज्ञान विषय की क्लास लेने भी केवल चार छात्र पहुंचे। यह हालात बृहस्पतिवार को उस केजीके कॉलेज के थे जो मंडल के नामचीन कॉलेजों में गिना जाता है। बृहस्पतिवार को यहां विद्यार्थियों की हाजिरी दस फीसदी ही रही।
विज्ञापन

केजीके कॉलेज में बृहस्पतिवार दोपहर 12:34 पर जंतु विज्ञान विभाग में डॉ. आरबी गुप्ता अकेले बैठे थे। पूछने पर उन्होंने बताया कि यह समय बीएससी प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के पीरियड का है। 12:15 बजे विद्यार्थी रसायन विज्ञान विषय की कक्षा में गए थे और वापस नहीं आए। उन्हीं का इंतजार कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि 162 विद्यार्थियों की कक्षा में करीब दस से 12 बच्चे ही उपस्थित रहते हैं।
दोपहर 12:49 बजे डॉ. रसीद अहमद सिर्फ चार विद्यार्थियों को पढ़ा रहे थे। उन्होंने बताया कि यह विद्यार्थी एमएससी प्रथम सेमेस्टर के हैं। बताया कि सिर्फ चार विद्यार्थी ही आए हुए हैं। जबकि सभी को आना चाहिए।
विज्ञापन

दोपहर 1:04 बजे भूगोल विभाग की क्लास में प्रो. डीपीएस रावत विद्यार्थियों का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह काफी देर से इंतजार कर रहे हैं लेकिन अभी कोई विद्यार्थी आया नहीं है। सोचा था कि शायद हमें क्लासरूम में देखकर सभी आ जाएं। लेकिन कोई नहीं आया।

कॉलेज आए पर कक्षा में नहीं
कॉलेज परिसर में पेड़ के नीचे बैठकर बीए प्रथम सेमेस्टर की एक छात्रा फोन पर बात कर रही थी। शिक्षक द्वारा टोकने पर उसने बताया कि उसकी सहेली कॉलेज में दाखिला फॉर्म जमा करने के लिए आई थी। वह उसी के साथ आई है। साथ ही यह भी स्वीकार किया कि अभी तक एक भी क्लास अटेंड नहीं की। शिक्षक द्वारा क्लास में जाने की कहने पर छात्रा ने कहा कि बृहस्पतिवार को वह पढ़ने के लिए नहीं आई। इसलिए क्लास में नहीं जा पाएगी।
वहीं, समाजशास्त्र विभाग की गैलरी में क्यूआर कोड स्कैन कर रहे बीए प्रथम सेमेस्टर के छात्र अनमोल कुमार ने बताया कि वह कॉलेज के व्हॉट्सएप ग्रुप में एड होने के लिए क्यूआर कोड स्कैन कर रहा है। क्लास में जाने की बात पूछने पर कहा कि वह अपने दोस्त के साथ कॉलेज आया है और वह अभी तक एक भी दिन क्लास में नहीं गया।


22 शिक्षकों की लग गई परीक्षा में ड्यूटी
बृहस्पतिवार से कॉलेज में एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्पेशल बैक की परीक्षाएं भी शुरु हो गईं। परीक्षाएं दो पालियों में सुबह आठ से दस और सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक थी। रसायन विज्ञान विभाग के प्रो. डीके सिन्हा ने बताया कि शिक्षकों की ड्यूटी परीक्षा में होने की वजह से क्लास नहीं हुई है। वहीं बीकॉम विभाग के कर्मचारी ने भी बताया कि विभाग में बृहस्पतिवार को कक्षाओं का संचालन न होने की जानकारी विद्यार्थियों को बुधवार को ही मैसेज कर दे दी गई थी। परीक्षा में ड्यूटी कर रहे शिक्षकों ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोनों पालियों में 22 शिक्षकों की ड्यूटी लगी है।

31 पद हैं खाली
कॉलेज में शिक्षकों के कुल 84 पद स्वीकृत हैं। इसमें से 53 पदों पर शिक्षक कार्यरत हैं, जबकि 31 पद खाली चल रहे हैं। भूगोल विषय के विभागाध्यक्ष प्रो. डीपीएस रावत का कहना है कि विभाग में पांच पद स्वीकृत हैं। इनमें से दो शिक्षक छुट्टी पर चल रहे हैं और तीन पद खाली हैं। ऐसे में वर्तमान में उन अकेले पर ही बीए और एमए के बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी है।


बृहस्पतिवार तक हुए दाखिला
शिक्षकों ने बताया कि स्नातक प्रथम वर्ष में बृहस्पतिवार तक दाखिला किए गए हैं। कॉलेज में स्नातक स्तर पर पीसीएम में 103, बायो में 160, बीए में 1157 और बीकॉम में 102 विद्यार्थियों का दाखिला हुआ है।

वर्जन....
दो पालियों की परीक्षा में शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके बावजूद प्रयास कर रहे हैं कि विद्यार्थियों की कक्षाएं भी संचालित होती रहें। जिन शिक्षकों की क्लास रहेगी, उनको पढ़ाने के लिए समय दे दिया जाएगा। हालांकि अभी लगभग दस फीसदी ही विद्यार्थी पढ़ने के लिए आ रहे हैं।
विज्ञापन

प्रो. जितेंद्र सिंह, प्राचार्य, केजीके कॉलेज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें