मुरादाबाद। शिक्षकों व कार्मिकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के प्रदेश सरकार के निर्णय का राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश ने स्वागत किया। चित्रगुप्त इंटर कॉलेज में शुक्रवार को बैठक के दौरान शिक्षकों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। प्रदेश महामंत्री जोगेंद्र पाल सिंह ने कहा कि महासंघ की ओर से कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की वर्षों पुरानी मांग अब प्रदेश सरकार ने पूरा किया है।
उन्होंने कहा कि सभी मान्यता प्राप्त माध्यमिक, बेसिक व संस्कृत शिक्षा परिषद के 14 लाख शिक्षकों, एक लाख रसोइयों उनके आश्रित परिवारों को स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के तहत पांच लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किया जाना। मंडल उपाध्यक्ष मेजर सुदेश कुमार भटनागर ने इस निर्णय को शिक्षक हित में ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए मुख्यमंत्री का सराहना की। जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव मोहन सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का सभी शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा उपलब्ध कराने का निर्णय अभिनंदनीय है। सभी एकजुट होकर राष्ट्रहित में कार्य करते रहें। जल्द ही पुरानी पेंशन एवं सेवा सुरक्षा जैसे जटिल मुद्दों पर भी राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ निर्णायक स्थिति में होगा। जिला महामंत्री डॉ. मधुबाला त्यागी ने कहा कि कैशलैस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार का सराहनीय प्रयास है। यह राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक उपलब्धि है। हम सब इस निर्णय का अभिनंदन करते हैं। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री डॉ. विशेष कुमार शर्मा ने की। इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष विजय कुमार राम, जिला संगठन मंत्री मुशाहिद हुसैन, जिला मीडिया प्रभारी डॉ. जसदेव सिंह आनंद, जिला उपाध्यक्ष श्याम वीर सिंह, चेतन शर्मा आदि मौजूद रहे।