बिलारी। स्थानीय सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम इरफान ने बुधवार दोपहर लखनऊ में प्रदेश विधानसभा सत्र की कार्रवाई चलने के दौरान अपने क्षेत्र में बिजली, पानी और टूटी सड़कें आदि के मुद्दे जोरदार तरीके से उठाए। सपा विधायक ने बिलारी के निकट ग्राम पंचायत सहसपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलने की मांग भी दोहराई।
बुधवार दोपहर बाद लखनऊ से दूरभाष पर सपा विधायक फहीम इरफान ने बताया कि उन्होंने विधानसभा सत्र के दौरान रामपुर जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित कार्रवाई को रोकने की मांग करते हुए नियम 56 के तहत यह मामला उठाया। सपा विधायक के अनुसार उनका प्रश्न मंजूर कर लिया गया है। और इस विषय पर सदन में चर्चा की जाएगी। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि किए जाने और कुछ स्थानों पर नए विद्युत ट्रांसफार्मर रखे जाने की मांग उठाई। सपा विधायक ने जलजीवन मिशन के तहत क्षेत्र के कई ग्रामों में अधूरे पड़े ओवरहेड वाटर टैंक का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, देहात इलाके की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त किए जाने, बारिश के मौसम में टूटी सड़कें ठीक कराई जाने आदि मांगें भी उठाईं।
सपा विधायक के अनुसार उनकी विधानसभा की ग्राम पंचायत रुस्तमनगर सहसपुर नगर पंचायत का दर्जा मिलने के लिए सभी शर्तें पूरी करती है। उन्होंने पूर्व में भी यह मांग उठाई थी, बुधवार को दोबारा मांग उठाकर सहसपुर को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की मांग सरकार से की है। सपा विधायक ने बिलारी नगर क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय के निर्माण और विस्तार की मांग भी विधानसभा सदन में रखी है। सपा विधायक के अनुसार वह बिलारी विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए गंभीर हैं और समय-समय पर प्रदेश विधानसभा सत्र में अपने क्षेत्र की जन समस्याएं उठाते रहते हैं।