मुरादाबाद। छजलैट ब्लॉक की ग्राम पंचायत शाहपुर मुबारकपुर पुनर्मतगणना के बाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। 10 जनवरी को पुनर्मतगणना में जिस महिला को प्रधान घोषित किया गया है, उस महिला के पुत्रों का अपने घर की छत से हवाई फायरिंग करते हुए का वीडियो वायरल हो रहा है। ग्राम पंचायत प्रधान पद पर पूर्व में निर्वाचित हुई भूरी ने पुनर्मतगणना में प्रधान निर्वाचित की गई शशिबाला के पति व पुत्रों पर हर्ष फायरिंग कर दहशत फैलाने का आरोप लगाते हुए उनके लाइसेंसी असलहे निरस्त करने की मांग की है।
ग्राम पंचायत शाहपुर मुबारकपुर में ग्राम प्रधान पद के हुए चुनाव की मतगणना में दो मई 2021 को भूरी को ग्राम प्रधान निर्वाचित घोषित किया गया था। भूरी के निर्वाचन को नंबर दो पर रही ग्राम प्रधान प्रत्याशी शशिबाला ने पंचायत राज अधिनियम 1947 की धारा 12 ग के अंतर्गत निर्वाचन याचिका के माध्यम से उप जिलाधिकारी कांठ के न्यायालय में चुनौती दी थी। इस चुनाव याचिका पर 29 दिसंबर 2021 को आदेश करते हुए एसडीएम कांठ जगमोहन गुप्ता ने 10 जनवरी 2021 की तिथि मतगणना के लिए नियत की थी। पुनर्मतगणना में शशिबाला को पांच वोटों से विजयी घोषित किया गया था।
इसके साथ ही यह ग्राम पंचायत एक बार सुर्खियों में आ गई थी। बुधवार को पुनर्मतगणना के बाद प्रधान घोषित शशिबाला के परिजनों द्वारा रात के समय छत से फायरिंग करने का वीडियो वायरल हुआ। इस पर पूर्व में प्रधान निर्वाचित घोषित भूरी ने जिले के आला अधिकारियों को पत्र भेज कर दावा किया कि वायरल हो रहा वीडियो पुनर्मतगणना में प्रधान निर्वाचित घोषित शशिबाला के परिवार वालों का है। जो अपने लाइसेंसी शस्त्र से फायरिंग कर रहे हैं। भूरी ने मामले की जांच करा आरोपियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की मांग की।
इधर हर्ष फायरिंग के वायरल हो रहे वीडियो को अधिवक्ता मुमताज हुसैन ने ट्वीट कर मुरादाबाद पुलिस व एडीजी जोन बरेली को टैग कर इसकी सूचना दी। इस पर एडीजी जोन समेत यूपी पुलिस व मुरादाबाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधितों को निर्देश दिए। इस संबंध में थाना प्रभारी छजलैट ने बताया कि आला अधिकारियों का आदेश मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
मेरी मां पुनर्मतगणना के बाद गांव की प्रधान निर्वाचित की गई हैं। वायरल हो रहा वीडियो मेरा और मेरे भाई अंकुर का है। लेकिन यह गलत है कि पुनर्मतगणना के बाद हर्ष फायरिंग की गई है। यह पुराना वीडियो है। हो सकता है दीपावली के मौके का हो। पुनर्मतगणना में मेरी मां शशिबाला के विजयी होने से भूरी व उनके पक्ष के लोग राजनीतिक रंजिश मान रहे हैं। इसी उद्देश्य से ऐसा किया गया होगा।
धर्म सिंह, प्रधान पुत्र