मुरादाबाद। ग्रेटर नोएडा के एक्सपो मार्ट में शुरू होने वाले मेले में एक हजार से अधिक स्टाॅलों पर मुरादाबादी हस्तशिल्प की चमक बिखरेगी। मेले की तैयारी में जुटे निर्यातक विदेशी ग्राहकों से संपर्क साधने में लगे हैं। 15 अक्तूबर को निर्यातकों के स्टाॅल हस्तशिल्प उत्पाद से सज जाएंगे। 16 से मेले का आगाज हो जाएगा।
पिछले तीन साल से हस्तशिल्प निर्यात में उतार-चढ़ाव का दाैर चल रहा है। मुरादाबाद के हस्तशिल्प निर्यात में करीब 30 से 40 फीसदी की गिरावट आई है। इस उतार चढ़ाव के बीच एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल ऑफ हैंडीक्राफ्ट (ईपीसीएच) की ओर से इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित होने वाले पांच दिवसीय ग्रेटर नोएडा एक्सपो फेयर से मुरादाबाद के निर्यातकों को काफी उम्मीद है।
यह मेला 16 से 20 अक्तूबर तक चलेगा। निर्यातक इसकी तैयारी में जुटे हैं। मेले में आने वाले विदेशी ग्राहकों को लुभाने के लिए एक्सपो मार्ट में एक हजार से अधिक स्टालों पर मुरादाबाद के हस्तशिल्प उत्पाद माैजूद रहेंगे। इसमें धार्मिक से लेकर घरेलू सजावट समेत अन्य उत्पाद शामिल हैं। निर्यातक नवेद खां के मुताबिक फेयर में अमेरिका, यूरोप समेत खाड़ी देशों से बड़ी संख्या में ग्राहकों के आने की उम्मीद है। मंगलवार तक निर्यातकों के स्टाॅल सज जाएंगे।
00
इस्राइल व ईरान के ग्राहकों ने साधा निर्यातकों से संपर्क
- मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के महासचिव अवधेश अग्रवाल ने बताया कि पहले रूस-यूक्रेन और अब इस्राइल-हमास व ईरान के युद्ध से यूरोप और खाड़ी के देशों में मुरादाबाद का हस्तशिल्प निर्यात प्रभावित हुआ है। निर्यातकों के लिए अच्छी खबर यह है कि युद्ध के बीच भी इस्राइल और ईरान समेत दूसरे प्रभावित देशों के ग्राहकाें ने निर्यातकों से संपर्क साधा है और फेयर में आने की बात कही है।