ठाकुरद्वारा। जिस समय क्षेत्र में यूरिया खाद की किल्लत थी उस समय 19 जुलाई डिलारी क्षेत्र की सहकारी समिति पर कार्यरत कर्मचारी दीपक के घर से 125 बोरी यूरिया खाद बरामद की थी। आरोपी के खिलाफ थाने में खाद की कालाबाजारी के आरोप में प्राथमिकी भी दर्ज की गई थी। अब खराब होने की आशंका में इस खाद को नीलाम कर दिया गया और कर्मचारी को समिति से हटाकर उसकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।
एसडीएम ठाकुरद्वारा को जुलाई माह में शिकायत मिली थी कि डिलारी क्षेत्र की नन्हूवाला सहकारी समिति पर कार्यरत गांव महेशपुर निवासी कर्मचारी दीपक अपने घर से यूरिया की खाद ब्लैक में बेचता है। इस पर एसडीएम और जिला कृषि अधिकारी ने दीपक के घर से 125 बोरी यूरिया खाद बरामद की थी। दीपक के खिलाफ थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। दीपक के घर से बरामद खाद को ठाकुरद्वारा के राजकीय कृषि बीज भंडार के गोदाम में रखवाया गया था। एडीओ कृषि ठाकुरद्वारा ओम गिरी ने बताया कि खाद खराब होने लगा था। इसलिए उसे अधिकारियों से अनुमति लेकर 10 सितंबर 2025 को नीलाम कर दिया गया था। यह नीलामी ठाकुरद्वारा के खाद विक्रेता नितिन अग्रवाल के नाम हुई थी। उधर नन्हूवाला सहकारी समिति के अध्यक्ष जाकिर हुसैन ने बताया कि दीपक कुमार समिति पर दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी था। जिसे कर्मचारियों के अभाव में समिति का खाद विक्रय गोदाम प्रभारी बना दिया गया था। दीपक कुमार को समिति से हटाकर उसकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। उनका कहना कि समिति के गोदाम की जांच की गई थी जिसमें उनका स्टाॅक सही पाया गया था।
यूरिया की कालाबाजारी मामले की पुलिस कर रही जांच
डिलारी। क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी दीपक कुमार बिक्री केंद्र प्रभारी जीबी पैक्स समिति नन्हूवाला कोतवाली ठाकुरद्वारा में तैनात था। यूरिया की कालाबाजारी करने के लिए आरोपी ने अपने गांव महेशपुर स्थित घर पर 125 बोरी यूरिया रखी थी। 19 जुलाई 2025 को किसानों की शिकायत पर खाद बरामद कर पुलिस ने आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। आरोपी के खिलाफ आवश्यक संबंधित अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। छह माह से पुलिस जांच कर रही है।
क्षेत्र के गेहूं उत्पादक किसानों की जरूरत को देखते हुए ब्लॉक बिलारी की सभी किसान सेवा सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद आ गया है। ब्लॉक बिलारी के एडीओ सहकारिता अनिल कुमार ने बताया कि यहां कि किसी भी समिति के गोदाम में खाद का पुराना स्टॉक नहीं है। वर्तमान में बिलारी, अबूपुरा, पीपली, बेरनी, सनाई रोजा, थांवला, स्योंडारा, कुढ़फतेहढ़ और अमरपुरकाशी सभी सहकारी समितियों के गोदामों में यूरिया का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। किसान सेवा सहकारी समिति बिलारी और अबूपुरा के प्रभारी सचिव विकाश शर्मा ने बताया कि सहकारी समितियों से उन्हीं किसानों को यूरिया खाद मिल सकेगा जो समितियों के विधिवत सदस्य हैं। किसानों को खाद लेने के लिए अपना आधार कार्ड और कृषि भूमि संबंधी खतौनी की नकल भी लानी होगी। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के बिलारी नगर अध्यक्ष रनवीर सिंह यादव ने बताया कि इन दिनों गेहूं उत्पादक किसानों को अपनी फसल में पहली सिंचाई करने के बाद यूरिया खाद डालने की जरूरत महसूस हो रही है। भाकियू अराजनैतिक के बिलारी तहसील अध्यक्ष विक्की चौधरी ने बताया कि किसान सेवा सहकारी समितियों पर किसानों की मांग के अनुसार रियायती दर बीज पर और कीटनाशक दवाएं भी मिलनी चाहिए।