पाकबड़ा। डिजाइनको निर्यात में टिनशेड से गिरकर कर्मचारी की मौत के मामले में परिजनों ने बुधवार को भी हंगामा किया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर फर्म के गेट पर पहुंच गए और उन्होंने कार्रवाई की मांग की। फर्म स्वामी और मजदूर के परिजनों के बीच वार्ता के बाद मामले में समझौता हो गया है।
अमरोहा जनपद के डिडौली निवासी अंकित मंगलवार दोपहर फर्म में टिनशेड से गिरकर घायल हो गया था। उसे टीएमयू में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। परिजन शव लेकर फर्म में पहुंच गए और गेट पर शव रखकर जमकर हंगामा किया था। पुलिस के समझाने पर परिजन मान गए थे। बुधवार को परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर फिर फर्म के गेट पर पहुंच गए शव रखकर धरना देकर हंगामा शुरू कर दिया।
इसी बीच फर्म स्वामी और मजदूर के परिजनों की आपस में वार्ता कराई गई। इसके बाद मामले में समझौता हो गया है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया की मामले में फर्म स्वामी और मजदूर के परिजनों के बीच आपस में समझौता हो गया है। अब इस मामले में कोई भी कार्रवाई नहीं चाहता है।