मुरादाबाद। खरीद चेन में एक सदस्य की गलती से सभी निर्यातकों का रिफंड रोक लिया जाता है, इस व्यवस्था में संशोधन की जरूरत है। यदि कोई निर्यातक फर्जी बिल ले रहा है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई जायज है। खरीद चेन की समस्या से निर्यातकों को राहत दी जाए। यह अपील मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन व यंग एंटरप्रेन्योर सोसायटी के निर्यातकों ने राज्य कर विभाग के अपर आयुक्त ग्रेड-वन अशोक कुमार सिंह से की।
निर्यातकों के संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने नवागत अपर आयुक्त ग्रेड-वन से मुलाकात की। एमएचईए की ओर से महासचिव अवधेश अग्रवाल व संरक्षक नजमुल इस्लाम ने अपनी बात रखी। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि इन मुद्दों पर निर्यातकों को परेशानी से बचाया जाए। वहीं यस की ओर से नेशनल चेयरमैन विशाल अग्रवाल व चेयरमैन जेपी सिंह ने भेंट की। उन्होंने कहा कि परचेज चेन के अलावा एक और समस्या है। शहर में माल को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने वाले कारखानेदारों को बेवजह परेशान न किया जाए। अधिकारी ने समस्याओं को ध्यान से सुना और आश्वासन दिया कि किसी भी ईमानदार करदाता को कोई परेशानी आने नहीं दी जाएगी।