मुरादाबाद। तेज आंधी और बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था की हकीकत फिर सामने ला दी। मौसम बिगड़ते ही बुद्धि विहार, रामगंगा विहार, कबीर नगर, देवापुर और कांठ रोड की कई कॉलोनियां रातभर अंधेरे में डूबी रहीं। कहीं लाइनों पर पेड़ों की टहनियां गिर गईं तो कहीं फाल्ट के नाम पर घंटों सप्लाई बंद रही। लोगों के इनवर्टर जवाब दे गए और गर्मी वाली रात में सैकड़ों परिवार परेशान होते रहे।
सबसे ज्यादा नाराजगी इस बात को लेकर रही कि बिजलीघर पर फोन करने पर उपभोक्ताओं को सिर्फ काम चल रहा है का जवाब मिला। बुद्धि विहार के लोगों का कहना है कि रातभर इंतजार के बाद सुबह करीब चार बजे सप्लाई बहाल हो सकी। कई घरों में बच्चे और बुजुर्ग पूरी रात बिना पंखे के परेशान रहे। कबीर नगर में लोगों का गुस्सा ज्यादा देखने को मिला। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यहां बारिश हो या न हो, ट्रिपिंग और कटौती रोज का संकट बन चुकी है। आरोप है कि घंटों बिजली गायब रहती है लेकिन विभाग शटडाउन तक की सूचना देना जरूरी नहीं समझता। लोगों ने बताया कि कॉलोनी की सप्लाई दलपतपुर बिजलीघर से जुड़ी है, जबकि पास में एकता विहार बिजलीघर मौजूद है। कई बार मांग उठ चुकी है कि सप्लाई को नजदीकी बिजलीघर से जोड़ा जाए, लेकिन फाइलें आगे नहीं बढ़ रहीं।
लोगों का कहना है कि दलपतपुर बिजलीघर दूर होने के कारण फाल्ट होने पर पेट्रोलिंग टीम के पहुंचने में काफी समय लग जाता है। नतीजा यह है कि हर बारिश के साथ शहर की बिजली व्यवस्था दम तोड़ देती है और उपभोक्ता पूरी रात अंधेरे में गुजारने को मजबूर हो जाते हैं। इसी तरह देवापुर, रामगंगा विहार के लोग भी बिजली कटौती से परेशान रहे।
अधीक्षण अभियंता प्रशांत कुमार का कहना है कि बारिश के दो घंटे बाद लगभग सभी इलाकों में सप्लाई सुचारू हो गई थी। कहीं बड़े फाल्ट की सूचना नहीं मिली। बुद्धि विहार और रामगंगा विहार में खुला स्थान अधिक होने के कारण पेड़ों की टहनियां तारों पर गिर जाती हैं, जिससे लोगों को समस्या का सामना करना पड़ता है।