मुरादाबाद। कटघर पुलिस ने गुरुवार को प्रापर्टी डीलर की हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस ने आरोपी गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल तमंचा और बाइक भी बरामद कर ली है। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि भूमि विवाद में प्रापर्टी डीलर के परिजनों ने उसके भाई की हत्या कर दी थी। भाई की हत्या का बदला लेने के लिए उसने प्रापर्टी डीलर की हत्या की है।
थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि कटघर थानाक्षेत्र के सिरसा इनायतपुर उर्फ दौड़ बाग निवासी रमजानी (41) का गांव के ही दूसरे पक्ष के लोगों से भूमि को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को रमजानी एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भतीजे सरताज साथ बाइक से रिश्तेदारी में गए थे। सोमवार को लौटते वक्त जीरो प्वाइंट से रामपुर दोराहे के बीच में बाइक सवार हमलावरों ने प्रॉपर्टी डीलर को घेर लिया था। हमलावर प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारकर फरार हो गए थे। पुलिस घायल प्रॉपर्टी डीलर को लेकर जिला अस्पताल पहुंची थी, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस मामले में प्रॉपर्टी डीलर के भाई अनवार ने गांव के ही चांद बाबू, जाने आलम, मुकीम, राशिद उर्फ लोहा, होरी व नबिया के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। गुरुवार को कटघर पुलिस ने रामगंगा नदी के पास से सिरसा इनायतपुर उर्फ दौड़ बाग निवासी मुख्य आरोपी राशिद उर्फ लोहा, जाने आलम व मुकीम को गिरफ्तार कर लिया। कटघर थाना प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि नौ माह पहले भूमि के विवाद में राशिद के बड़े भाई आमिर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप प्रॉपर्टी डीलर के पक्ष के लोगों पर था। पुलिस पड़ताल में पता चला कि भाई की हत्या का बदला लेने के लिए राशिद ने साजिश रची। उसने अपने साथियों नबिया व आरिफ को भी इसमें शामिल कर लिया था। साजिश के मुताबिक रिश्तेदारी से वापस आते समय सभी ने घेरकर प्रॉपर्टी डीलर को मौत के घाट उतार दिया था। वहीं, पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है।